त्योहार के मद्देनजर खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण, मिठाई के नमूने जांच के लिए भेजे

 


बलरामपुर, 24 अगस्त (हि.स.)। त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया। आज सोमवार को ‘बने खाबो-बने रहिबो 2.0’ अभियान के तहत होटल, मिठाई दुकान, डेयरी, किराना दुकान और रेस्टोरेंट की जांच की गई। इस दौरान खाद्य व्यापारियों को स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए।

बलरामपुर स्थित गुप्ता होटल और लक्की होटल से संदेह के आधार पर गुलाब जामुन, बूंदी लड्डू, पेड़ा और बालूशाही के नमूने संकलित किए गए। इन नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, कालीबाड़ी रायपुर भेजा गया है।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने जिले के विभिन्न विकासखंडों में भी जांच अभियान चलाया।

वाड्रफनगर में बीकानेर स्वीट्स और आशीष स्वीट्स, शंकरगढ़ में प्रिया मिष्ठान भंडार और बिहारी होटल, कुसमी में गुप्ता होटल एवं छट्टू होटल, बलरामपुर में बीकानेर स्वीट्स, गणेश स्वीट्स एवं दिनेश कैंटीन का निरीक्षण किया गया।

इसी तरह रामानुजगंज में मां करणी बीकानेर स्वीट्स, गोकुल स्वीट्स और अपना स्वीट्स तथा राजपुर में हीरा-जीरा होटल, संदीप स्वीट्स एवं पाण्डेय होटल सहित अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की भी जांच की गई।

अखाद्य रंग और अखबारी कागज का उपयोग नहीं करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान खाद्य व्यापारियों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए। खाद्य सामग्री में अखाद्य रंगों का इस्तेमाल नहीं करने, खाद्य पदार्थों को ढककर रखने तथा खाद्य सामग्री परोसने या पैक करने में अखबारी कागज का उपयोग नहीं करने को कहा गया।

इसके साथ ही परिसर में स्वच्छता और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने खाद्य व्यापारियों से त्योहार के दौरान आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय