दिव्यांग बच्चों के लिए 15 और 16 अक्टूबर को आकलन शिविर, जरूरत के अनुसार मिलेंगे सहायक उपकरण

 

बलरामपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में 6 से 18 वर्ष आयु वर्ग के विशेष आवश्यकता वाले दिव्यांग बच्चों के लिए 15 और 16 अक्टूबर को आकलन एवं मूल्यांकन शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए चिन्हांकन किया जाएगा।

पहला शिविर 15 अक्टूबर को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डीपाडीह, शंकरगढ़ में आयोजित होगा। इसमें राजपुर, शंकरगढ़ और कुसमी विकासखंड के बच्चे शामिल हो सकेंगे। वहीं, दूसरा शिविर 16 अक्टूबर को जिला ग्रंथालय, बलरामपुर में लगाया जाएगा। इसमें बलरामपुर, रामचंद्रपुर और वाड्रफनगर विकासखंड के बच्चों का आकलन किया जाएगा।

प्रशासन के अनुसार, आकलन और चिन्हांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगामी शिविर में पात्र बच्चों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण प्रदान किए जाएंगे। इससे बच्चों को शिक्षा प्राप्त करने और दैनिक गतिविधियों में आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।

जिला प्रशासन ने संबंधित विकासखंडों के अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि और स्थान पर अपने बच्चों को शिविर में लेकर पहुंचें, ताकि पात्र बच्चों को योजना का लाभ मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय