कलेक्टर ने जिला कोषालय के स्ट्रांग रूम का किया निरीक्षण, मुद्रांक और बहुमूल्य सामग्री का सत्यापन
बलरामपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने आज सोमवार को छत्तीसगढ़ कोषालय संहिता के सहायक नियम-39 के प्रावधानों के तहत जिला कोषालय के स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखी विभिन्न महत्वपूर्ण सामग्रियों का भौतिक सत्यापन किया।
कलेक्टर ने अदालती एवं गैर-अदालती मुद्रांक, कोर्ट फीस कॉपिंग टिकट, नोटरियल टिकट, रेवेन्यू टिकट, स्पेशल एडहेसिव स्टाम्प सहित बहुमूल्य सामग्रियों के पैकेटों की जांच की। उन्होंने इन सामग्रियों का कोषालय में संधारित पंजियों में दर्ज विवरण से मिलान भी कराया।
निरीक्षण के बाद कलेक्टर ने जिला कोषालय अधिकारी दशरथ प्रसाद सोनी से विभागीय कार्यप्रणाली और संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए अभिलेखों और महत्वपूर्ण सामग्रियों के सुरक्षित रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा।
इस अवसर पर जिला कोषालय के अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय