ब्लैकबोर्ड पर ‘मैंगिफेरा इंडिका’ लिख कलेक्टर ने पूछा सवाल, ग्लोब से समझाया भूगोल
बलरामपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)।शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महाराजगंज में मंगलवार को औचक निरीक्षण के दौरान कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी शिक्षिका की भूमिका में नजर आईं। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई से जुड़े सवाल पूछे, ब्लैकबोर्ड पर आम का वानस्पतिक नाम ‘मैंगिफेरा इंडिका’ लिखा और ग्लोब की मदद से विभिन्न देशों की भौगोलिक स्थिति समझाई।
इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत और नियमित अभ्यास के साथ पढ़ाई कर टॉपर बनने तथा डॉक्टर, इंजीनियर और आईएएस अधिकारी बनने के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं वाणिज्य, 11वीं कला तथा 11वीं जीवविज्ञान के विद्यार्थियों से बातचीत कर पाठ्यक्रम और पढ़ाई की प्रगति की जानकारी ली। कक्षा 11वीं जीवविज्ञान में उन्होंने ब्लैकबोर्ड पर ‘मैंगिफेरा इंडिका’ लिखकर विद्यार्थियों से इसका अर्थ पूछा। विद्यार्थियों ने सही उत्तर देते हुए बताया कि यह आम का वानस्पतिक नाम है। इस पर कलेक्टर ने उनकी सराहना की और कहा कि सफलता के लिए मेहनत का कोई विकल्प नहीं है।
कक्षा 11वीं कला में कलेक्टर ने ग्लोब की मदद से विद्यार्थियों को विभिन्न देशों की भौगोलिक स्थिति समझाई। इस व्यावहारिक तरीके से विद्यार्थियों को भूगोल के विषयों को समझने का अवसर मिला।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास, प्रश्नपत्रों के पैटर्न के अनुसार तैयारी और समय प्रबंधन पर ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी लगन से पढ़ाई करें और बेहतर परिणाम हासिल कर अपने परिवार, गांव और जिले का नाम रोशन करें।
विद्यालय में शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कलेक्टर ने प्राचार्य को कक्षाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने गृहकार्य के साथ प्रतिदिन कक्षा में अभ्यास कराने और पढ़ाए जा चुके पाठ्यक्रम का नियमित पुनरावलोकन करने को कहा। बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों से पुराने प्रश्नपत्र हल कराने के निर्देश भी दिए, ताकि वे परीक्षा के स्वरूप और प्रश्नों के पैटर्न से परिचित हो सकें।
कलेक्टर ने विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों को नियमित प्रायोगिक कार्य कराने तथा शिक्षकों को विषयों को सरल और रोचक तरीके से पढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का समर्पण और विद्यार्थियों की मेहनत बेहतर परीक्षा परिणाम की नींव है।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय