ई-ऑफिस में लंबित फाइलों का समय-सीमा में करें निराकरण, कलेक्टर ने दिए निर्देश

 


बलरामपुर, 23 नवंबर (हि.स.)।शासकीय कामकाज में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए ई-ऑफिस प्रणाली और उपस्थिति व्यवस्था का प्रभावी पालन जरूरी है। सभी विभाग प्रमुख प्रतिदिन ई-फाइलों की समीक्षा करें और बिना उचित कारण किसी भी प्रकरण को लंबित न रखें। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को ये निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने विभागवार ई-फाइलों की स्थिति और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि ई-ऑफिस प्रणाली का उद्देश्य सरकारी कामकाज में पारदर्शिता, जवाबदेही और निर्णय लेने की प्रक्रिया को तेज करना है। इसलिए अधिकारी फाइलों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें और प्राथमिकता वाले मामलों पर तत्काल कार्रवाई करें।

कलेक्टर ने ई-ऑफिस और उपस्थिति व्यवस्था में अब तक हुए सुधारों का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि इन व्यवस्थाओं में हुई प्रगति का आकलन किया जाएगा और यह देखा जाएगा कि किन क्षेत्रों में अभी और सुधार की जरूरत है। जिला संयुक्त कार्यालय को आदर्श कार्यालय के रूप में विकसित करने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी के साथ काम करने तथा लगातार व्यवस्था में सुधार लाने पर जोर दिया।

बैठक में शहर की साफ-सफाई व्यवस्था की भी समीक्षा हुई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सभी वार्डों के साथ प्रमुख सड़कों, चौक-चौराहों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छता व्यवस्था में लापरवाही नहीं होनी चाहिए और मैदानी स्तर पर इसकी नियमित निगरानी की जाए।

समय-सीमा के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने आम नागरिकों के आवेदनों और शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचना चाहिए। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें और जनहित से जुड़े मामलों में अनावश्यक देरी न करें।

बैठक में धान खरीदी व्यवस्था, सुघर छत्तीसगढ़ अभियान और प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा 27 नवंबर को रघुनाथनगर में प्रस्तावित मुख्यमंत्री के दौरे की तैयारियों पर चर्चा हुई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, अपर कलेक्टर अनिल कुमार सिदार, आर.एस. लाल, अभिषेक गुप्ता सहित सभी एसडीएम और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय