बाल विवाह और बाल श्रम के खिलाफ बलरामपुर में जागरूकता अभियान, स्कूलों में निकाली रैली और कैंडल मार्च
बलरामपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले में बाल विवाह और बाल श्रम जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने तथा बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रेन और एलजीएसएस की ओर से जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत तातापानी, बिस्रामनगर और बलरामपुर के विभिन्न विद्यालयों में शनिवार काे विद्यार्थियों की सहभागिता से जागरूकता रैली निकाली गई।
रैली के माध्यम से लोगों को बाल विवाह और बाल श्रम के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही कैंडल मार्च निकालकर बच्चों, ग्रामीणों और शिक्षकों को बाल विवाह के खिलाफ एकजुट होने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को बाल विवाह न करने और न ही इसे बढ़ावा देने की शपथ दिलाई गई। साथ ही बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि बाल विवाह और बाल श्रम बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षित बचपन और मौलिक अधिकारों में बाधा हैं। इन कुरीतियों को समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। लोगों से अपील की गई कि बाल विवाह या बाल श्रम की जानकारी मिलने पर उसके खिलाफ आवाज उठाएं और बच्चों को सुरक्षित एवं बेहतर भविष्य देने में सहयोग करें।
अभियान का उद्देश्य बच्चों, अभिभावकों, शिक्षकों और ग्रामीण समुदाय को जागरूक कर ऐसा वातावरण तैयार करना है, जहां प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, सुरक्षा और स्वतंत्र रूप से अपना बचपन जीने का अवसर मिल सके।
कार्यक्रम में बाल सामाजिक कार्यकर्ता सोनाली सोनी, आकाश तिवारी और प्रिया खाखा उपस्थित रहे। उन्होंने अभियान को सफल बनाने में सहयोग किया और बाल विवाह मुक्त भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय