जनगणना-2027 की तैयारी तेज, बलरामपुर में 12 अक्टूबर से अधिकारियों-कर्मचारियों का प्रशिक्षण

 

बलरामपुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण में होने वाली जनसंख्या गणना की तैयारियों के तहत बलरामपुर जिले में सोमवार से प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू होगा। भारत सरकार के गृह मंत्रालय के जनगणना कार्य निदेशालय, छत्तीसगढ़ के निर्देश पर जिला पंचायत बलरामपुर के सभाकक्ष में दो चरणों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। जनसंख्या गणना का मैदानी कार्य जनवरी-फरवरी 2027 में प्रस्तावित है।

प्रशिक्षण सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगा। पहले चरण में 12 और 13 अक्टूबर को सामरी, कुसमी, चांदो, शंकरगढ़ और राजपुर के अनुविभागीय जनगणना अधिकारियों, चार्ज अधिकारियों, तकनीकी सहायकों और जनगणना लिपिकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

दूसरे चरण में 14 और 15 अक्टूबर को डौरा-कोचली, बलरामपुर, चलगली, रामानुजगंज, वाड्रफनगर, रामचंद्रपुर और रघुनाथनगर चार्ज के अधिकारी-कर्मचारी शामिल होंगे। प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर्स जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक जानकारी देंगे, ताकि आगामी जनसंख्या गणना का मैदानी कार्य सुचारू रूप से संपन्न कराया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय