बलरामपुर में 967 कुपोषित बच्चों को मिलेगा पौष्टिक लड्डू, ‘बालभोग’ योजना शुरू
बलरामपुर, 28 अक्टूबर (हि.स.)। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में बच्चों को कुपोषण से बाहर निकालने के लिए ‘बालभोग’ कार्यक्रम शुरू किया गया है। इसके तहत शंकरगढ़ विकासखंड के 967 कुपोषित बच्चों को रोजाना रागी, श्रीअन्न और सूखे मेवों से तैयार पौष्टिक लड्डू खिलाए जाएंगे। बुधवार को ग्राम चिरई-जशवंतपुर में पूर्व केंद्रीय मंत्री लरंग साय की प्रतिमा अनावरण के कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वर्चुअल माध्यम से इस पहल की शुरुआत की।
कार्यक्रम के तहत प्रत्येक चिन्हित बच्चे को प्रतिदिन 30 ग्राम लड्डू दिया जाएगा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में बच्चों को निर्धारित मात्रा में लड्डू खिलाया जाएगा, ताकि उन्हें नियमित रूप से अतिरिक्त पोषण मिल सके। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध मोटे अनाज का इस्तेमाल कर बच्चों के आहार में पोषक तत्व बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस पहल में बच्चों को लड्डू खिलाने के साथ उनके स्वास्थ्य और पोषण स्तर पर भी नजर रखी जाएगी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बच्चों की प्रगति का आकलन करेंगी और अभिभावकों को संतुलित भोजन, नियमित आहार तथा बच्चों की देखभाल के संबंध में जानकारी देंगी। महिला एवं बाल विकास विभाग और मैदानी अमले के सहयोग से कार्यक्रम संचालित किया जाएगा, ताकि बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों के साथ घर पर भी बेहतर पोषण मिल सके।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा कि जिले में हर बच्चे को स्वस्थ और सुपोषित बचपन उपलब्ध कराना प्रशासन का लक्ष्य है। ‘बालभोग’ के माध्यम से कुपोषित बच्चों को अतिरिक्त पोषण देने के साथ उनके स्वास्थ्य में होने वाले बदलावों की नियमित निगरानी की जाएगी। उन्होंने इस प्रयास को सफल बनाने के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, अभिभावकों और समुदाय की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया।
जिला प्रशासन के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य केवल बच्चों को पूरक आहार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उनके पोषण स्तर में सुधार लाकर उन्हें स्वस्थ विकास के अवसर देना है। शंकरगढ़ विकासखंड में शुरुआत के बाद बच्चों की प्रगति पर नजर रखी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय