आंगनबाड़ी केंद्र बैगापारा में खिले बच्चों के चेहरे, कलेक्टर ने कराया गोदभराई और अन्नप्राशन

 


बलरामपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। सेवा सेतु शिविर के बाद आज शनिवार को कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अमले के साथ आंगनबाड़ी केंद्र बैगापारा पहुंचीं। जनप्रतिनिधियों और कलेक्टर ने बच्चों को अपने हाथों से खिलौने वितरित किए। रंग-बिरंगे खिलौने पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और केंद्र का माहौल उनकी किलकारियों से गूंज उठा।

कलेक्टर ने कहा कि खेल-खेल में सीखना बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण है। खिलौनों के माध्यम से बच्चे मनोरंजन के साथ नई चीजें सीखते हैं और उनकी रचनात्मकता तथा मानसिक विकास को बढ़ावा मिलता है।

इस दौरान कलेक्टर ने गर्भवती महिलाओं और बच्चों से आत्मीय संवाद कर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य और पोषण को लेकर जागरूक किया। उन्होंने दो गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक रीति-रिवाज से गोदभराई कर उन्हें सुपोषण किट प्रदान की। वहीं छह माह की आयु पूरी कर चुके दो बच्चों को अपने हाथों से खीर खिलाकर अन्नप्राशन संस्कार कराया।

कलेक्टर ने गर्भवती महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और संतुलित व पौष्टिक आहार लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने माताओं से बच्चों के छह माह की आयु पूरी होने के बाद ऊपरी आहार शुरू करने और उनके पोषण व स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील की। सुपोषण चौपाल के माध्यम से भी महिलाओं और अभिभावकों को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी दी गई।

कलेक्टर ने परियोजना अधिकारी, पर्यवेक्षक और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र स्वस्थ और सशक्त पीढ़ी के निर्माण की पहली पाठशाला हैं, इसलिए यहां आने वाले बच्चों और माताओं की संवेदनशीलता के साथ देखभाल की जाए।

इस अवसर पर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष लोधीराम एक्का, उपाध्यक्ष दिलीप सोनी, पार्षद बिरजिनिया केरकेट्टा, रीना मसीह, लक्ष्मी गुप्ता, एल्डरमैन गोपालकृष्ण मिश्रा, मनोज गुप्ता, सीएमओ दीपक एक्का सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय