बजरंग दल ने घर में धर्मांतरण कराने का आरोप लगाते हुए सौपा ज्ञापन, कार्रवाई की मांग की
रायपुर, 21 अगस्त (हि.स.)। राजधानी के भनपुरी के खमतराई थाना क्षेत्रांर्गत एक मकान में शुक्रवार को धर्मांतरण को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विराेध जताते हुए जमकर हंगामा किया। संगठन ने आरोप लगाया कि मकान के भीतर दर्जनों लोगों को धर्मांतरित करने की गतिविधियां चल रही थी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और मामले को लेकर विरोध जताया। इसके बाद संगठन की ओर से पुलिस अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अवैध धर्मांतरण के खिलाफ अपराध दर्ज करने और कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
बजरंग दल ने अपने ज्ञापन में आरोपों की जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि यदि जांच में अवैध धर्मांतरण के आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल