परीक्षा केंद्र में हिंदू छात्रों के हाथ का कलावा काटवाने पर बवाल, हिंदू संगठनाें ने किया विराेध

 


रायगढ़, 04 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में रविवार काे आयाेजित सीजी सेट के परीक्षा केंद्र में हिंदू छात्रों के हाथ में बंधे कलावा को काटने से जमकर बवाल मच गया। घटना की खबर लगते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता परीक्षा केंद्र पहुंचे और स्कूल को घेर लिया। परीक्षा प्रभारी को निलंबित करने की मांग की गई।

मौके पर पहुंचे पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियाें को समझाने की कोशिश की लेकिन बजरंग दल के कार्यकर्ता अपनी मांग पर अड़े रहे। कलावा काटने की घटना रायगढ़ चांदमारी के सरकारी स्कूल में हुई जहां व्यापम की परीक्षा दो पाली में आयाेजित थी। डेढ़ बजे की दूसरी पाली की परीक्षा में उस समय बवाल मचा जब परीक्षा आयोजकों ने हिंदू परीक्षार्थियों को हाथ में बंधा कलावा काटने को कहा, उसके बिना परीक्षा में बैठने नहीं दिया जाएगा। इसके बाद छात्रों को कलावा काटने के बाद परीक्षा में बैठने दिया गया। इसकी खबर बजरंग दल के लोगों को लगी तो वे स्कूल पहुंचे और कलावा काटने का विरोध किया।

परीक्षा आयोजकों ने नियमों का हवाला देते हुए अपनी सफाई पेश की और इसे ऐच्छिक होने की दलील दी। जबकि छात्रों का साफ कहना था कि कलावा काटे बिना उन्हें परीक्षा में शामिल होने नहीं दिया जा रहा था। इसके बाद बवाल मच गया बजरंगदल का कहना है कि हिंदू आस्था से खिलवाड़ करने वाले केंद्र प्रभारी को तत्काल निलंबित किया जाए। देर शाम तक पुलिस व बजरंग दल के बीच मानमनाैव्वल का दौर चलता रहा, परंतु हिंदू संगठन निलंबन को मांग पर अड़े रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान