बजरंग दल ने जिहादी मानसिकता का पुतला फूंका
धमतरी , 18 अप्रैल (हि.स.)।बजरंग दल ने शनिवार को देश में बढ़ती सामाजिक और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों को लेकर शनिवार को शहर में आक्रोश रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद गांधी मैदान में जिहादी मानसिकता का पुतला फूंका गया। इस दौरान उपस्थित अतिरिक्त तहसीलदार शिवेंद्र सिन्हा को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया है। ज्ञापन में विभिन्न घटनाओं और गतिविधियों पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन से त्वरित और कठोर कार्रवाई की मांग की गई है।
18 अप्रैल को बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद, मातृशक्ति एवं दुर्गा वाहिनी के संयुक्त तत्वावधान में घड़ी चौक से गांधी मैदान तक आक्रोश रैली निकाली गई। बजरंग दल के प्रांत संयोजक शुभम नाग एवं जिला मंत्री प्रिंस जैन ने कहा कि देश में अवैध कब्जों, जबरन मतांतरण और महिलाओं के शोषण जैसे मामलों में वृद्धि हो रही है जो सामाजिक सद्भाव और आंतरिक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बनते जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर सुनियोजित तरीके से अवैध रूप से सरकारी और सार्वजनिक भूमि पर कब्जा किया जा रहा है जिसे तत्काल हटाया जाना आवश्यक है। लव जिहाद और जबरन मतांतरण जैसे कृत्यों को रोकने के लिए कठोर केंद्रीय कानून लागू किया जाए। साथ ही जनजातीय क्षेत्रों में हो रहे शोषण को रोकने के लिए विशेष सुरक्षा तंत्र विकसित किया जाए।
बजरंग दल राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए प्रतिबद्ध है। देश की एकता और शांति बनाए रखने के लिए प्रशासन को इन मुद्दों पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। इस दौरान जिला सह मंत्री दिलीप साहू, जिला संयोजक रवि कुमार साहू सहित बजरंग दल, विहिप और दुर्गावाहिनी के कार्यकर्ता उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा