बैगलेस डे पर बच्चों ने झाड़ियां साफ कीं, कागज से बनाई नाव-तितली और खेलों में दिखाया दमखम

 




सूरजपुर, 13 सितंबर (हि.स.)। सूरजपुर जिले के शासकीय विद्यालयों में बैगलेस डे के अवसर पर विद्यार्थियों को किताबों और कक्षा की पढ़ाई से अलग व्यवहारिक जीवन कौशल सीखने का अवसर मिला। आज रविवार को जिले के विभिन्न स्कूलों में आयोजित गतिविधियों में विद्यार्थियों ने स्वच्छता अभियान, रचनात्मक कार्य, खेलकूद और सामुदायिक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

बैगलेस डे के तहत विद्यालय परिसरों में गाजर घास उन्मूलन, परिसर और शौचालयों की सफाई, पाउच-पन्नी का निस्तारण तथा पेयजल स्रोतों की सफाई की गई। विद्यार्थियों ने इन गतिविधियों में भाग लेकर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का महत्व समझा। स्कूलों में स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने को लेकर भी बच्चों को जागरूक किया गया।

रचनात्मक गतिविधियों में विद्यार्थियों को ‘पेड़ बोल सकते तो क्या कहते’ विषय पर कल्पनात्मक निबंध लेखन कराया गया। पेपर क्राफ्ट के तहत बच्चों ने कागज को मोड़ने और काटने की तकनीक से नाव, हवाई जहाज, तितली और मेंढक जैसी आकृतियां बनाईं। इसके अलावा कागज से ग्रीटिंग कार्ड तथा अनुपयोगी सामग्री से उपयोगी वस्तुएं तैयार कराई गईं। इससे विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता, रचनात्मकता और नवाचार की क्षमता को बढ़ावा मिला।

विद्यालयों में विभिन्न खेलकूद गतिविधियां भी आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने अलग-अलग खेलों में उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इन गतिविधियों के जरिए बच्चों में टीम भावना, अनुशासन और आपसी सहयोग जैसे व्यवहारिक गुण विकसित करने पर जोर दिया गया।

बैगलेस डे के दौरान विद्यालयों में समुदाय आधारित न्योता भोज भी आयोजित किया गया। माध्यमिक शाला कन्या रामानुजनगर में व्यवसायी श्रवण कुमार गुप्ता ने अपने जन्मदिन के अवसर पर संकुल समन्वयक जयप्रकाश बरेठा के साथ मिलकर विद्यार्थियों के लिए न्योता भोज कराया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ विभागीय अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।

इसी तरह भैयाथान विकासखंड के प्राथमिक शाला शिवप्रसाद नगर में विद्यार्थियों को कॉपियां उपलब्ध कराई गईं। समुदाय के सहयोग से विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया।

बैगलेस डे के तहत आयोजित गतिविधियों की मॉनिटरिंग एडी शिक्षा, एडीपीओ समग्र, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बीआरसीसी, संकुल प्राचार्य और संकुल समन्वयकों द्वारा की गई। अधिकारियों ने विद्यालयों में चल रही गतिविधियों का अवलोकन कर आवश्यक मार्गदर्शन दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय