नगरनार में संचालित आजाद पैथोलॉजी कलेक्शन सेंटर व संजीवनी क्लीनिक सील
जगदलपुर, 23 जून (हि.स.)। बस्तर जिले के ग्राम नगरनार चोकावाड़ा में संचालित आजाद पैथोलॉजी कलेक्शन सेंटर के संबंध में लगातार शिकायत प्राप्त होने पर बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा के आदेश पर एसडीएम जगदलपुर ऋषिकेश तिवारी के नेतृत्व में राजस्व विभाग, स्वास्थ्य विभाग व पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा आज मंगलवार को औचक निरीक्षण किया गया।जिसमें संस्था में भारी अनियमितता पायी गयी।
गंभीर लापरवाही तथा नर्सिंग होम एक्ट एवं अन्य विधिक प्रावधानों का उल्लंघन पाये जाने से उक्त आजाद पैथोलॉजी कलेक्शन सेंटरको सील कर दिया गया है। इसके पश्चात् नगरनार में संचालित एक अन्य क्लीनिक संजीवनी के नाम से बीएएमएस डिग्रीधारी द्वारा एलोपैथिक दवाई से उपचार करना पाया गया, परन्तु क्लीनिक का कोई वैध लाईसेंस होना नहीं पाया गया। अतः उक्त क्लीनिक पर कार्रवाई करते हुए सील कर दिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि मरीजों का ब्लड सैंपल लेने की आड़ में पूरा मेडिकल सर्टिफिकेट बनाने का गोरखधंधा संचालित होना पाया गया। जिसमें नियम विरूद्ध रूप से एक्स-रे, ईसीजी, नेत्र जांच व अन्य जरूरी जांच जो कि मेडिकल सर्टिफिकेट के लिए आवश्यक है, उसे उपलब्ध किया जा रहा था। बिना सक्षम डॉक्टर के हस्ताक्षर के मेडिकल सर्टिफिकेट जारी हो रहे थे। ब्लड सैंपल जांच में भी अनियमितता पायी गयी व बिना सैंपल नंबर व समय डाले हुए सैंपल प्राप्त हुए कई मामलों में बिना सैंपल लिए हुए ही जांच रिपोर्ट बनाया जाना प्रथम दृष्टया पाया गया एवं उपस्थित स्टॉफ द्वारा डॉक्टर के स्थान पर स्वयं हस्ताक्षर किया जाना पाया गया। एकत्र किये गये ब्लड सैंपल के संबंध में जगदलपुर स्थित मुख्य लैब में भी निरीक्षण किया गया, परन्तु वहां भी अनियमितता पायी गयी।
संपूर्ण कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार लखीराम पाण्डेय, विषय विशेषज्ञ डॉ. अनुराग शर्मा, मेडिकल ऑफिसर डॉ. ऋषभ साव, क्षेत्र के पटवारी व पुलिस बल उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे