सुकमा में आज चलेगा आयुष्मान महा अभियान, 10 हजार से अधिक कार्ड बनाने का लक्ष्य
सुकमा / रायपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और सुकमा जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप के निर्देशानुसार पर आज गुरुवार को आयुष्मान महा अभियान चलाया जाएगा। बस्तर तिरंगा यात्रा के उपलक्ष्य में आयोजित इस अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन की टीमें गांव-गांव एवं घर-घर पहुंचकर पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाएंगी।
कलेक्टर अमित कुमार की अध्यक्षता में बुधवार की देर शाम अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। प्रशासन ने इस विशेष अभियान के तहत 10 हजार से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, ताकि अधिक से अधिक पात्र परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिल सके।
अभियान के माध्यम से पात्र परिवारों को आयुष्मान भारत योजना के तहत प्रति वर्ष पांच लाख रुपये तक के कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी। वहीं, 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयुष्मान वय वंदना योजना का लाभ भी उपलब्ध कराया जाएगा।
आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए हितग्राहियों को आधार कार्ड, राशन कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर तथा आवश्यक पहचान दस्तावेज साथ लाने होंगे। अभियान के दौरान कार्ड निःशुल्क बनाए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल