स्वस्थ भोजन की आदत डालें, बीमारियां रहेंगी दूर: फनेश्वर पिथौरा
धमतरी, 24 जुलाई (हि.स.)। बढ़ते मोटापे और असंतुलित खानपान को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने 24 जुलाई से स्कूलों में जागरूकता अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत विद्यार्थियों को स्वस्थ भोजन की आदतें अपनाने, भोजन में तेल, नमक और चीनी का सीमित उपयोग करने एवं संतुलित आहार लेने की सलाह दी जा रही है।
खाद्य सुरक्षा जागरूकता अभियान के पहले चरण में शासकीय स्कूलों एवं महाविद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके बाद निजी स्कूलों और महाविद्यालयों को भी शामिल किया जाएगा।
अभियान के तहत शुक्रवार को शासकीय नत्थूजी जगताप नगर पालिक निगम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अभिहित अधिकारी सर्वेश यादव और खाद्य निरीक्षक फनेश्वर पिथौरा ने विद्यार्थियों को बारिश के मौसम में खुले और बासी खाद्य पदार्थों से बचने, स्वच्छ एवं ताजा भोजन करने और खाद्य जनित बीमारियों से बचाव के उपाय बताए।
अधिकारियों ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की जानकारी देते हुए शुद्ध पेयजल, हाथों की स्वच्छता और खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण के महत्व पर प्रकाश डाला। मोटापा नियंत्रण को लेकर पोस्टरों के माध्यम से विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। उन्हें फल, हरी पत्तेदार सब्जियां, दालें, मिलेटस और मेवों को दैनिक आहार में शामिल करने, नियमित व्यायाम करने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम में एक बार उपयोग किए गए तेल का दोबारा उपयोग नहीं करने और तले-भुने एवं प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों का सीमित सेवन करने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर प्राचार्य नविता तिवारी, व्यायाम शिक्षक गिरीश गजपाल, औषधि निरीक्षक सुमीत देवांगन, चंद्रभान मरावी, तोषण परतेती सहित शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा