जिले में अब तक 783.5 मिलीमीटर औसत वर्षा, नगरी में सर्वाधिक 878.2 मिमी

 


धमतरी, 23 अगस्त (हि.स.)। जिले में पिछले तीन दिनों से रिमझिम बारिश का दौर लगातार जारी है। मानसून की सक्रियता से जहां खेतों में तैयार हो रही फसल को पर्याप्त पानी मिल रहा है, वहीं लगातार बारिश के कारण जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। कलेक्टर कार्यालय की भू-अभिलेख शाखा की तहसीलवार वर्षा रिपोर्ट के अनुसार 1 जून से 23 अगस्त 2026 तक जिले में 783.5 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। यह इसी अवधि की पिछले 10 वर्षों की औसत वर्षा 744.7 मिलीमीटर की तुलना में 105.2 प्रतिशत है।

जिले की वार्षिक सामान्य वर्षा 1352.4 मिलीमीटर है। तहसीलवार आंकड़ों में नगरी में सबसे अधिक 878.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य औसत का 111.1 प्रतिशत है। धमतरी में 829.4 मिलीमीटर यानी 108.5 प्रतिशत, कुरूद में 778.3 मिलीमीटर यानी 110.5 प्रतिशत, मगरलोड में 773.9 मिलीमीटर यानी 111.7 प्रतिशत, कुकरेल में 787.0 मिलीमीटर यानी 99.7 प्रतिशत तथा बेलरगांव में 754.1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई है। भखारा में 683.6 मिलीमीटर वर्षा हुई, जो निर्धारित औसत का 93.9 प्रतिशत है। 23 अगस्त को ही जिले में 130.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसमें धमतरी में 31.0, कुरूद में 19.2, मगरलोड में 12.1, नगरी में 19.2, भखारा में 9.1, कुकरेल में 25.0 तथा बेलरगांव में 14.5 मिलीमीटर वर्षा शामिल है। लगातार हो रही बारिश का सबसे बड़ा लाभ धान की फसल को मिल रहा है। खेतों में खड़ी फसल को पर्याप्त नमी मिलने से किसान अच्छी पैदावार की उम्मीद जता रहे हैं।

किसानों का कहना है कि इस वर्ष फसल की स्थिति बेहतर है और कीट-रोग नियंत्रण के लिए दवाओं का छिड़काव भी अपेक्षाकृत कम करना पड़ा है। हालांकि दूसरी ओर लगातार बारिश से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई जगहों पर जलभराव की स्थिति बनने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन द्वारा वर्षा, जलभराव, नदी-नालों के जलस्तर और संभावित आपदा की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। तहसील स्तर पर नियमित जानकारी संकलित कर मैदानी क्षेत्रों का निरीक्षण किया जा रहा है। नागरिकों से अपील की गई है कि तेज या लगातार बारिश के दौरान नदी, नाले, जलाशय और जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से जाने से बचें तथा सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा