कोरबा में तीन रेत खदानों की नीलामी संपन्न, 488 बोलीदारों ने लिया हिस्सा, लॉटरी से हुआ चयन

 


कोरबा, 29 अक्टूबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में तीन रेत खदानों की नीलामी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई। जिले की भिलाईखुर्द, कुदमुरा-2 और चारपारा रेत खदानों की नीलामी में कुल 488 बोलीदारों ने हिस्सा लिया। निर्धारित न्यूनतम बोली राशि समान होने के कारण पात्र बोलीदारों के बीच ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से अधिमानी बोलीदारों का चयन किया गया।

कलेक्टर कार्यालय की खनिज शाखा द्वारा छत्तीसगढ़ गौण खनिज साधारण रेत (उत्खनन एवं व्यवसाय) नियम, 2025 के तहत 29 अक्टूबर को तीनों रेत खदानों की नीलामी प्रक्रिया पूरी की गई। इसके लिए 21 अक्टूबर को निविदा आमंत्रण सूचना जारी की गई थी। नीलामी एमएसटीसी (एमएसटीसी) पोर्टल के माध्यम से रिवर्स ऑक्शन पद्धति से कराई गई।

खनिज विभाग के अनुसार, नीलामी के लिए निर्धारित सीलिंग प्राइस 200 रुपये रखी गई थी। इसके मुकाबले न्यूनतम बोली राशि 50 रुपये प्रस्तुत की गई। समान न्यूनतम बोली की स्थिति में पात्र बोलीदारों के बीच पोर्टल के माध्यम से लॉटरी प्रक्रिया अपनाई गई। इसके बाद तीनों रेत खदानों के लिए अधिमानी बोलीदार घोषित किए गए।

भिलाईखुर्द में 115 और कुदमुरा-2 में 241 बोलीदार शामिल

भिलाईखुर्द रेत खदान की नीलामी में 115 बोलीदारों ने भाग लिया। लॉटरी के माध्यम से वार्ड क्रमांक 2, बाजारपारा, कोटमीकला निवासी आशीष कुमार गुप्ता को अधिमानी बोलीदार घोषित किया गया।

इसी तरह कुदमुरा-2 रेत खदान की नीलामी में सबसे अधिक 241 बोलीदार शामिल हुए। लॉटरी प्रक्रिया में महासमुंद जिले के बसना क्षेत्र अंतर्गत गढ़फुलझर निवासी हरजिंदर सिंह का चयन हुआ।

चारपारा रेत खदान की नीलामी में 132 बोलीदारों ने हिस्सा लिया। लॉटरी के माध्यम से महासमुंद-अंकोरी क्षेत्र के पलसापाली निवासी जुगेश्वर बाग को अधिमानी बोलीदार घोषित किया गया।

नियमों और निर्धारित शर्तों के तहत होगा खदानों का संचालन

खनिज विभाग ने बताया कि तीनों रेत खदानों की नीलामी निर्धारित नियमों के अनुसार ऑनलाइन रिवर्स ऑक्शन और लॉटरी प्रक्रिया के जरिए पूरी की गई। विभाग के मुताबिक पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बरती गई है। चयनित अधिमानी बोलीदार संबंधित स्वीकृतियों और निर्धारित शर्तों के अधीन ही खदानों का संचालन कर सकेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी