कोरबा के भैंसमा ग्रामीण बैंक में चोरी का प्रयास, ताला तोड़कर लॉकर तक पहुंचा चोर

 


कोरबा, 18 अगस्त (हि . स.)।कोरबा जिले के भैंसमा गांव स्थित छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक में सोमवार रात चोरी का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। अज्ञात चोर बैंक का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुआ और लॉकर व तिजोरी तक पहुंचने की कोशिश की, लेकिन वह अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सका। इसके बाद आरोपित बिना चोरी किए ही मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, आरोपित बैंक का मुख्य ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुआ था। बैंक में प्रवेश करने के बाद उसने मुख्य ताला अपने साथ ले लिया। पुलिस को आशंका है कि आरोपित ने सबूत मिटाने और जांच को प्रभावित करने के इरादे से ताला अपने साथ ले गया होगा। इसके बाद उसने बैंक के लॉकर और अन्य अलमारियों को खोलने का प्रयास किया, लेकिन वह उन्हें खोल नहीं सका।

घटना के बाद बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं। बैंक में लगे कैमरे बंद पाए गए। वहीं, रात के समय बैंक में कोई सुरक्षा गार्ड भी तैनात नहीं था। बैंक मैनेजर ने पुलिस को बताया कि कैमरे काम नहीं कर रहे थे। ऐसे में बैंक के अंदर प्रवेश करने वाले आरोपित की पहचान करने में पुलिस को परेशानी हो रही है।

हालांकि, पुलिस ने आरोपित तक पहुंचने के लिए बैंक के आसपास और आने-जाने वाले रास्तों पर लगे अन्य कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपित किस रास्ते से बैंक तक पहुंचा और वारदात के बाद किस दिशा में फरार हुआ।

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पुलिस ने मामले में नकबजनी और चोरी के प्रयास का अपराध दर्ज किया है। आरोपित की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच की जा रही है। बैंक के आसपास संदिग्ध गतिविधियों और आने-जाने वाले लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपित ने बैंक की पहले से रेकी की थी या नहीं। इसके अलावा घटना में किसी स्थानीय व्यक्ति की भूमिका होने की संभावना को लेकर भी जांच की जा रही है।

सीएसपी ने बताया कि पुलिस समय-समय पर जिले के सभी बैंक प्रबंधकों की बैठक लेकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश देती है। कुछ दिन पहले ही जिले के बैंकों का सुरक्षा सर्वे कराया गया था। इस दौरान कई जगह सुरक्षा संबंधी कमियां सामने आई थीं। इसके बाद संबंधित बैंक प्रबंधन को नोटिस जारी कर सुरक्षा व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए गए थे।

भैंसमा ग्रामीण बैंक में चोरी के प्रयास के बाद एक बार फिर बैंकिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ खड़े हुए हैं।सीसीटीवी कैमरों का बंद होना और रात में सुरक्षा गार्ड की तैनाती नहीं होना गंभीर लापरवाही मानी जा रही है।

पुलिस ने जिले के सभी बैंकों और वित्तीय संस्थानों को सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त रखने और रात के समय सुरक्षा गार्ड की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सीएसपी ने चेतावनी दी है कि सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही मिलने पर संबंधित बैंक प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बैंक के उच्च कार्यालय को पत्र लिखकर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की सिफारिश भी की जाएगी।

फिलहाल पुलिस सीसीटीवी की पहचान और आरोपित की गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी