नोटिस देने पहुंचे पंचायत सचिव पर हमला, आरोपित गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा, 18 अप्रैल (हि. स.)। बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम कुरमा में शासकीय कार्य के दौरान पंचायत सचिव पर हमले का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को आज गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कुरमा निवासी अजय कुमार खूटे (36 वर्ष) को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 40 हजार रुपये की प्रथम किस्त प्राप्त हुई थी, लेकिन उसने निर्माण कार्य शुरू नहीं किया। इस पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) द्वारा उसे नोटिस जारी किया गया था।
07 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 12 बजे पंचायत सचिव अपने सहयोगियों के साथ नोटिस तामील कराने आरोपी के घर पहुंचे। इस दौरान आरोपी ने नोटिस लेने से इनकार कर दिया और गाली-गलौज करने लगा। जब पंचायत सचिव वहां से वापस लौटने लगे, तब आरोपित ने उन्हें रोककर जान से मारने की धमकी दी और लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया, जिससे सचिव को चोटें आईं
घटना की शिकायत पर थाना बलौदा में आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपित ने अपना अपराध स्वीकार किया।पुलिस ने आरोपित को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई में थाना बलौदा की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT