राष्ट्रीय खेल दिवस पर 29 अगस्त को धमतरी में जुटेंगे खिलाड़ी और खेलप्रेमी

 


मेजर ध्यानचंद की जयंती पर खेल प्रतिभाओं और प्रशिक्षकों का होगा सम्मानधमतरी 27 अगस्त (हि.स.)। महान हाकी खिलाड़ी एवं हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जन्मजयंती के अवसर पर 29 अगस्त को धमतरी में राष्ट्रीय खेल दिवस का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा यह कार्यक्रम बाबू पंढरी राव कृदत्त इंडोर स्टेडियम, आमातालाब में सुबह 11 बजे से आयोजित होगा।

आयोजन का उद्देश्य जिले में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने, युवाओं एवं विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों से जोड़ने तथा स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम में विभिन्न खेलों से जुड़े खिलाड़ी, प्रशिक्षक, खेल संघों के पदाधिकारी और खेलप्रेमी शामिल होंगे। इस अवसर पर खेल प्रतिभाओं एवं खेल से जुड़े लोगों को सम्मानित भी किया जाएगा। राष्ट्रीय खेल दिवस मेजर ध्यानचंद के खेल जीवन, उपलब्धियों और खेल के प्रति उनके समर्पण को स्मरण करने के साथ युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और जिले एवं प्रदेश का नाम राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने के लिए प्रेरित करेगा।

जिला प्रशासन ने जिले के सभी खेल संघों के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेलप्रेमियों तथा जिला मुख्यालय के स्कूल-कॉलेजों के खेल के प्रति समर्पित विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। कार्यक्रम 29 अगस्त को सुबह 11 बजे बाबू पंढरी राव कृदत्त इंडोर स्टेडियम, आमातालाब में होगा। अधिक जानकारी के लिए आयोजन प्रभारी जेपी देव से संपर्क किया जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा