शराब के लिए पैसे नहीं देने पर मारपीट, तीन मारपीट गिरफ्तार

 


जांजगीर-चांपा, 18 मार्च (हि. स.)। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगकर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आज बुधवार को तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सुभाष दास (निवासी पोंच) 16 मार्च की रात करीब 9:30 बजे अपने घर में था। इसी दौरान आरोपित वेद प्रकाश उर्फ शनि वैष्णव ने उसे घर के बाहर बुलाकर शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे नहीं होने की बात कहने पर आरोपी ने गाली-गलौच करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे प्रार्थी के पिता, भाई और दादाजी के साथ भी आरोपितों ने मारपीट की। इसके बाद पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना बलौदा में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपितों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपितों में भानु दास वैष्णव (55 वर्ष), विकास कुमार वैष्णव (24 वर्ष) और वेद प्रकाश उर्फ शनि वैष्णव (26 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी पोंच गांव के निवासी हैं।

इस कार्रवाई में बलौदा पुलिस टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT