कोरबा : बड़े भाई पर साधा निशाना, छोटे भाई को जा लगा तीर, हालत गंभीर

 


कोरबा, 28 जुलाई (हि. स.)। जिले के बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सलिहाभाठ के पंटोरवा पारा में धनुष-तीर से हमला किए जाने का मामला सामने आया है।इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे डायल-112 की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोड़ी उपरोड़ा में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ग्राम सलिहाभाठ निवासी शिव सिंह पोया (पिता- सम्मल पोया) ने मंगलवार को धनुष से तीर चलाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तीर करीब 15 से 20 मीटर की दूरी से छोड़ा गया था। बताया जा रहा है कि आरोपित का निशाना उसके बड़े भाई की ओर था, लेकिन तीर भटककर छोटे भाई को जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के समय घायल युवक का बड़ा भाई और भाभी मौके पर मौजूद थे। घटना के बाद परिजनों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

फिलहाल तीर चलाने के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। हालांकि प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश की बात सामने आ रही है। बांगो पुलिस ने मामला दर्ज कर प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लेना शुरू कर दिया है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी