मावली मंदिर में सिरहा-गुनिया पुजारी समिति द्वारा सुबह के नाश्ते की व्यवस्था शुरू

 


जगदलपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। रियासत कालीन बस्तर दशहरा पर्व की तैयारियों को लेकर सिरहा-गुनिया पुजारी समिति की बैठक में बस्तर संभागभर से दशहरा पर्व में शामिल होने वाले सिरहा-गुनिया एवं पुजारियों एवं सेवादाराें के भोजन, ठहरने और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर कुमार जयदेव ने घोषणा की थी। घोषणा के अनुरूप सिरहा-गुनिया पुजारी समिति के द्वारा माता मावली मंदिर में सेवा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए आज गुरूवार से प्रतिदिन सुबह के नाश्ते की व्यवस्था शुरू कर दी गई है।

कुमार जयदेव ने बताया कि सिरहा-गुनिया पुजारी समिति के माध्यम से सुबह के नाश्ते के साथ व्यवस्था काे शुरू कर दिया गया है, ताकि बस्तर दशहरा के महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाने वाले सेवादाराें को किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे अपनी सेवा सुचारू रूप से प्रदान कर सकें। यह हमारी बस्तर की परंपरा का निर्वहन करने वाले सेवादाराें के प्रति सम्मान का छोटा सा प्रयास है। उन्हाेंने कहा कि मां दंतेश्वरी की कृपा सभी बस्तरवासियाें पर बनी रहे, बस्तर की शताब्दियाें पुरानी परंपरा इसी श्रद्धा, सेवा और समर्पण के साथ निरंतर आगे बढ़ती रहे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे