महादेव सट्टा एप के सरगना की गिरफ्तारी के बाद भूपेश और कांग्रेस अब जवाब देने के लिए तैयार रहें : भाजपा

 


प्रदेश प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक का कांग्रेस पर करारा प्रहार , सौरभ की गिरफ्तारी से कांग्रेस में मची खलबली

रायपुर 02 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक ने महादेव सट्टा एप के मुख्य सरगना सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी और उसे ओमान से भारत लाकर रायपुर कोर्ट में पेश किए जाने पर कांग्रेस पार्टी तथा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर तीखा हमला बोला है। दीपक ने कहा कि सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद से पूरी कांग्रेस पार्टी में भारी बेचैनी और चिंता का माहौल है, विशेषकर बघेल की नींद उड़ी हुई है। अब महादेव सट्टेबाजी का असली खेल और सच जनता के सामने आने वाला है।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता दीपक ने साेमवार काे कहा कि भूपेश बघेल के पिछले शासनकाल में जिस तरह युवाओं के भविष्य को दांव पर लगाकर महादेव सट्टा ऐप का 6,000 करोड़ रुपये का विशाल साम्राज्य फला-फूला, उसने यह स्पष्ट कर दिया है कि तत्कालीन कांग्रेस सरकार के लिए ‘विकास’ का असली अर्थ केवल सट्टेबाजी और भ्रष्टाचार को खुला संरक्षण देना था। भिलाई की एक छोटी-सी जूस की दुकान से शुरू होकर बुर्ज खलीफा तक फैले इस काले कारोबार के दौरान अधिकारियों और सत्ता के रसूखदारों को बाँटी गई 'प्रोटेक्शन मनी' इस बात का पुख्ता प्रमाण है कि यह संगठित लूट बिना शीर्षस्तर के वरदहस्त के सम्भव नहीं थी। दीपक ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय जहाँ आम जनता बुनियादी जरूरतों के लिए तरस रही थी, वहीं सत्ता के संरक्षण में सट्टे के पैसों से 200 करोड़ की भव्य शादियां और बॉलीवुड हस्तियों के जश्न मनाए जा रहे थे; कानून-व्यवस्था की धज्जियाँ उड़ाने वाली पूर्ववर्ती भूपेश सरकार को छत्तीसगढ़ की जनता कभी माफ नहीं करेगी।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता दीपक ने कहा कि भाजपा की सरकार ने आते ही इस पूरे घोटाले की जाँच सीबीआई को सौंपी थी। आज उसी का परिणाम है कि सरगना सौरभ चंद्राकर सलाखों के पीछे है और उसे रायपुर लाकर कोर्ट में पेश किया जा रहा है, जहाँ उस पर विधि सम्मत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित होगी। कांग्रेस शासनकाल पर कड़ा प्रहार करते हुए दीपक ने कहा कि कांग्रेस की भूपेश सरकार के संरक्षण में, मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र भिलाई से यह अवैध सट्टेबाजी का काला कारोबार पनपा, फला-फूला और दुबई तक जा पहुँचा। इस सिंडिकेट के संचालकों ने स्वयं यह स्वीकार किया है कि 508 करोड़ रुपये बघेल तक पहुँचाए गए थे। यह पूरा मामला अदालत में विचाराधीन है और इसकी गहन जाँच चल रही है।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री दीपक ने कहा कि अब जब सौरभ चंद्राकर गिरफ्त में आ चुका है, तो वह हर एक राज उगलेगा- अवैध सट्टे की काली कमाई और कमीशन किस-किस तक पहुँचता था? किन-किन भ्रष्ट अधिकारियों और तत्कालीन मुख्यमंत्री के चहेते ओएसडी चंद्रभूषण वर्मा जैसों की इसमें क्या भूमिका थी? सट्टे के इस विशाल नेटवर्क को किसका राजनीतिक संरक्षण प्राप्त था? श्री दीपक ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अभी से अपने जवाब तैयार कर ले, बाद में यह रोना न रोए कि जाँच निष्पक्ष नहीं हो रही या गिरफ्तारियाँ गलत हैं। जिन लोगों ने छत्तीसगढ़ के युवाओं के भविष्य को सट्टे के दलदल में धकेलने का दुस्साहस किया है, उनमें से किसी को भी छोड़ा नहीं जाएगा। सभी दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी और दूध का दूध, पानी का पानी होकर रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल