बारिश से धान को बचाने उपार्जन केंद्रों में तिरपाल की पर्याप्त व्यवस्था

 


बलौदाबाजार, 20 नवम्बर (हि. स.)। चक्रवाती तूफान 'अकवान' के प्रभाव से जिले में पिछले 8 घंटे से रुक-रुककर हो रही बारिश को देखते हुए समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान की सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है।

कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में धान को बारिश से बचाने के लिए तिरपाल, पन्नी एवं कैप कवर की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

कलेक्टर शर्मा ने सभी समिति प्रबंधकों को उपार्जन केंद्रों में पर्याप्त कैप कवर, पन्नी एवं तिरपाल की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही धान के सभी स्टैकों को मजबूत रस्सियों से अच्छी तरह बांधने को कहा है, ताकि तेज हवाओं के कारण तिरपाल उड़ने और धान के भीगने की स्थिति निर्मित न हो।

उन्होंने जमीन पर बहने वाले पानी एवं नमी से धान को सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त ड्रेनेज व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा उपार्जन केंद्रों के फड़ के चारों ओर जल निकासी की व्यवस्था और नालियों की सफाई कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।

कलेक्टर ने सभी केंद्र प्रभारियों एवं समिति कर्मचारियों को 20 से 22 नवम्बर तक मुख्यालय में उपस्थित रहकर उपार्जन केंद्रों की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन द्वारा बारिश के दौरान धान की सुरक्षा एवं खरीदी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर