अम्बिकापुर : स्कूटी से बच्चा टकराने पर चाकू और बैट से हमला, आरोपित गिरफ्तार
अम्बिकापुर, 10 सितंबर (हि.स.)। सरगुजा जिले में गांधीनगर थाना क्षेत्र के रॉयल पार्क कॉलोनी के पास मामूली सी बात पर एक युवक पर जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। स्कूटी से एक बच्चे के मामूली रूप से टकरा जाने पर उपजे विवाद में आरोपितों ने सरेआम चाकू और बैट से हमला कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के एक घंटे के भीतर ही मुख्य आरोपित को धर दबोचा है।
मामले की शुरुआत तब हुई जब आकाश गोयल, जो रॉयल पार्क कॉलोनी किसान राईस मिल रोड (थाना गांधीनगर) के निवासी हैं, गुरुवार को अपनी स्कूटी से दुकान जा रहे थे। जब वे रॉयल पार्क मोड़ के पास पहुंचे, तो उनकी स्कूटी से आदि अग्रवाल का भांजा हल्का सा टकरा गया। बच्चे के परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन इसी बात से नाराज होकर आदि अग्रवाल अपने साथी वंश पंडित के साथ स्कूटी पर वहां आ धमका। वंश पंडित के हाथ में चाकू और आदि अग्रवाल के पास बैट था। मौके पर पहुंचते ही दोनों ने पीड़ित के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। वंश पंडित ने पीड़ित पर चाकू से कूल्हे के पास गंभीर वार कर दिया, जिससे वह किसी तरह जान बचाकर वहां से भागने में सफल रहा।
पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 564/26 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2), 109, 3(5) बीएनएस और 25-27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। मामले को संज्ञान में लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) ने थाना गांधीनगर पुलिस टीम को त्वरित कार्रवाई कर आरोपितों को शीघ्र गिरफ्तार करने के कड़े निर्देश दिए थे।
इसी क्रम में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपितों की तलाश तेज कर दी। सतत प्रयासों के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपित वंश कुमार झा उर्फ वंश पंडित (आत्मज राजू झा, उम्र 20 वर्ष, निवासी नमनाकला शनि मंदिर के पास, थाना गांधीनगर) को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। हालांकि, घटना में प्रयुक्त हथियार (आलाजरब) को उसने आसपास कहीं फेंक देना बताया, जो पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर बरामद नहीं हो सका। पर्याप्त सबूत मिलने पर आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। प्रकरण में शामिल अन्य फरार आरोपित की तलाश जारी है और मामले में अग्रिम विवेचना की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक शशिकान्त सिन्हा, उप निरीक्षक दिलीप दुबे, तथा आरक्षक राहुल सिंह, रमन मण्डल और घनश्याम देवांगन सक्रिय रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह