14 अप्रैल को ग्राम सभाएं: विकास, पारदर्शिता और जनभागीदारी पर होगा मंथन

 


धमतरी, 09 अप्रैल (हि.स.)।धमतरी जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 14 अप्रैल 2026 को ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम 1993 के तहत आयोजित ये बैठकें ग्रामीण विकास को गति देने, पारदर्शिता बढ़ाने और जनभागीदारी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।

ग्राम सभाओं में पिछली बैठकों में पारित प्रस्तावों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। साथ ही पंचायतों के आय-व्यय का अनुमोदन और विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की वर्तमान स्थिति पर विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। पंचायत कर प्रणाली को ऑनलाइन करने, संपत्ति कर निर्धारण और लंबित प्रकरणों के निराकरण पर भी चर्चा होगी। बैठक में ग्रामीण सुरक्षा से जुड़े मुद्दे भी प्रमुख रहेंगे। सड़कों पर आवारा पशुओं से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम, जागरूकता अभियान और आवश्यक दंडात्मक प्रावधानों पर विशेष विचार किया जाएगा। इसके अलावा अविवादित नामांतरण, बंटवारा, जन्म-मृत्यु पंजीयन, सार्वजनिक संपत्तियों के रिकॉर्ड तथा पंचायत उन्नति सूचकांक के प्रदर्शन की समीक्षा भी की जाएगी। स्वच्छता को लेकर मुक्तिधामों में सुविधाओं की व्यवस्था, टीबी मुक्त भारत अभियान और स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) जैसे विषय भी एजेंडे में शामिल हैं। जरूरतमंद हितग्राहियों को वितरित खाद्यान्न की जानकारी भी ग्राम सभा में सार्वजनिक की जाएगी। ग्राम सभा की कार्यवाही की वीडियो रिकॉर्डिंग कर जीएस निमय मोबाइल एप में अपलोड की जाएगी, जबकि “सभासार” पोर्टल के माध्यम से एआई आधारित कार्यवाही विवरण तैयार होगा। साथ ही सभी गतिविधियों को वाइब्रेंट ग्राम सभा और जीपीडीपी पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा