सूरजपुर : जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनीं लोगों की समस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

 


सूरजपुर, 22 जून (हि.स.)। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सोमवार को आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर रेना जमील ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं और मांगें सुनीं। इस दौरान उन्होंने आवेदकों से सीधे संवाद कर उनकी शिकायतों का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार और समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनदर्शन में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 60 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें राजस्व, पंचायत, सामाजिक सुरक्षा, आवास, पेयजल एवं अन्य जनहित से जुड़े मामलों को लेकर नागरिकों ने अपनी समस्याएं प्रस्तुत कीं।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त सभी आवेदनों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए पात्रतानुसार निराकरण किया जाए। साथ ही प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग कर आवेदकों को समय पर राहत उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ प्रकरणों का निराकरण करने तथा लंबित मामलों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।

जनदर्शन के दौरान प्राप्त सभी आवेदनों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित कर दिया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय