वृद्धाश्रम संचालन के लिए 31 अगस्त तक आवेदन आमंत्रित

 


बलौदाबाजार, 29 अगस्त (हि. स.)। समाज कल्याण विभाग, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा द्वारा एकाकी जीवन व्यतीत कर रहे 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानजनक आश्रय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित “श्री वाटिका” वृद्धाश्रम, बलौदाबाजार के आगामी संचालन के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक संस्थाएं 31 अगस्त 2026 तक आवेदन प्रस्तुत कर सकती हैं।

वृद्धाश्रम का संचालन रामसागर तालाब के पीछे स्थित “श्री वाटिका” परिसर से किया जाएगा। इसके संचालन के लिए समाज कल्याण विभाग से मान्यता प्राप्त अशासकीय स्वैच्छिक संस्थाएं, जिन्हें न्यूनतम तीन वर्ष तक वृद्धाश्रम संचालन का अनुभव हो, आवेदन करने के लिए पात्र होंगी। इसके अलावा त्रिस्तरीय पंचायत राज संस्थाएं एवं नगरीय निकाय भी आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।

इच्छुक संस्थाएं एवं निकाय निर्धारित अवधि के भीतर अपना आवेदन कार्यालय उप संचालक, समाज कल्याण विभाग, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा में जमा कर सकते हैं। विभाग का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं बेहतर आश्रय उपलब्ध कराना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर