रायपुर जिले में 9 गौधाम के संचालन के लिए आवेदनों को मिली मंजूरी
गौधाम समिति की बैठक में आवेदनों का अनुमोदन
रायपुर, 27 अक्टूबर (हि. स.)। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कलेक्टर सभाकक्ष में आज मंगलवार को जिला स्तरीय गौधाम समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिले के गौधामों के संचालन के लिए आमंत्रित चतुर्थ अभिरुचि अभिव्यक्ति के तहत प्राप्त आवेदनों पर चर्चा कर उनका अनुमोदन किया गया। बैठक में कुल 9 आवेदनों को विकासखंड स्तरीय समिति से अनुमोदन प्राप्त होने के बाद स्वीकृति प्रदान की गई।
अनुमोदित आवेदनों में धरसींवा विकासखंड के अंतर्गत धनौली गौधाम के लिए अमृतधाम इष्टमित्र मानवपीठ सेवा संघ, देवेंद्र नगर रायपुर; निलजा गौधाम के लिए महादेव गौधाम सेवा समिति निलजा; पंडरभट्ठा गौधाम के लिए ग्राम गौधाम समिति पंडरभट्ठा; बरबंदा गौधाम के लिए ग्राम पंचायत बरबंदा तथा नगरगांव गौधाम के लिए ग्राम पंचायत नगरगांव के आवेदन शामिल हैं।
इसी प्रकार अभनपुर विकासखंड के पिपरौद गौधाम के लिए गोमती धाम गौशाला सेवा समिति पिपरौद तथा खोरपा गौधाम के लिए अयोध्या गौ सेवा समिति खोरपा के आवेदन अनुमोदित किए गए हैं। तिल्दा विकासखंड के मोहदा गौधाम के लिए मां पाताल भैरवी गौधाम समिति मोहदा तथा कोदवा गौधाम के लिए कामधेनु सेवा समिति कोदवा के आवेदन को मंजूरी दी गई है। अनुमोदित आवेदनों में स्वयंसेवी संस्थाओं और ग्राम पंचायतों के आवेदन शामिल हैं।
बैठक में जिला स्तरीय गौधाम समिति के अध्यक्ष तोमस कुमार यदु, सदस्य हरिका साहू, सदस्य उमेश साहू, संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं शंकर लाल उइके सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर