रायगढ़ में डिज्नीलैंड मेला निरस्त ना करने दिया आवेदन
रायगढ़, 07 अगस्त (हि.स.)। रायगढ़ के बजरंगपारा वार्ड नं 42 के निवासियों ने आज शुक्रवार काे जन्माष्टमी के अवसर पर लगने वाले डिज्नीलैंड मीनाबाजार निरस्त ना करने के लिए कलेक्टर के नाम आवेदन सौंपा।
आवेदनकर्ताओं का कहना है कि वे वर्षों से ट्रांसपोर्टनगर में डिज्नीलैंड मेले स्थल पर अपनी छोटी छोटी दुकान और ठेला लगाकर जीवन यापन करते हैं यदि मेला निरस्त किया जाता है तो ऐसे में उनकी रोजी रोटी की समस्या अधिक बढ़ जायेगी। इसलिए उनकी मांग है कि निरस्त किए गए डिजनीलैंड मेले को पुनः बहाल किया जाए ताकि उनके परिवार की आय का जरिया बना रहे ।
गौरतलब है कि इस वर्ष डिजनीलैंड मेले पर प्रशासनिक तलवार लटकी हुई है। इस मेले का विरोध भी जमकर किया जा रहा है। वहीं इसे जन्माष्टमी पर्व की शान मानते हुए कई इसका समर्थन भी कर रहे हैं। समर्थन करने वालों का मानना है कि इस मेले से जहां ना केवल मनोरंजन बल्कि कई लोगों को रोजगार भी मिलता है, तो वहीं दूसरी ओर विरोध करने वाले अव्यवस्था और अराजकता का हवाला देकर इसका विरोध किया जा रहा है।
एक तरफ कुछ दिन पहले ही डिजनीलैंड ना लगाए जाने को लेकर मेले के विरोध में एसएसपी को आवेदन सौंपा गया है। वहीं दूसरी तरफ आज इसके समर्थन में भी कलेक्टर के नाम आवेदन दिया गया है।
डिजनीलैंड मेले का विरोध क्यों
विरोध की वजह मुख्य तौर पर प्रशासनिक अनुमति के बिना समय से पहले तैयारियां शुरू करने,भारी भीड़ से लगने वाले ट्रैफिक जाम और स्थानीय स्तर पर सुरक्षा व दुर्घटना के जोखिम को लेकर हुआ है। हालांकि सालों से डिजनीलैंड लगाए जाने पर होने वाली परेशानियों का हवाला देकर इसका विरोध बड़े स्तर पर किया जाता रहा हैं और हर बार विरोध के बावजूद शहर में दो डिजनीलैंड मेले का आयोजन किया जाता है।
आयोजित मेले के लिए जिला प्रशासन से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य है। मेला संचालक ने अनुमति के लिए आवेदन किया था, लेकिन प्रशासन की ओर से स्वीकृति के बिना ही ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में झूले, दुकानें और अन्य सामग्री पहुंचाकर मेले की तैयारी शुरू कर दी गई। मामले की जानकारी मिलने पर नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और बिना अनुमति लगाए जा रहे मेले का सामान जब्त कर लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान