जनदर्शन में आवेदकों की समस्याओं पर हुई सुनवाई, 94 आवेदन प्राप्त
जांजगीर-चांपा, 08 सितंबर (हि. स.)। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आमजनों ने मंगलवार काे कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर जन्मेजय महोबे के समक्ष अपनी विभिन्न समस्याएं एवं मांगें रखीं।
कलेक्टर महोबे ने आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर पात्रता एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनदर्शन में अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर पहुंचने वाले प्रत्येक नागरिक के आवेदन को गंभीरता से लेते हुए उसका निराकरण निर्धारित समय-सीमा में किया जाना चाहिए। जनदर्शन में आज विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से संबंधित कुल 94 आवेदन प्राप्त हुए।
जनदर्शन में तहसील नवागढ़ के ग्राम किरीत निवासी जयकिशन साहू ने रिकार्ड दुरुस्त कराने तथा तहसील बलौदा के ग्राम बुड़गहन निवासी मंगल सिंह गोंड़ ने भूमि खाता विभाजन कराने के संबंध में आवेदन दिया। तहसील नवागढ़ के ग्राम भैंसदा निवासी श्रीमती सावित्री गढ़ेवाल ने इलाज के लिए आर्थिक सहायता राशि दिलाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। तहसील चांपा के ग्राम तालदेवरी निवासी श्रीमती दुलारी बाई यादव ने आधार कार्ड में त्रुटि सुधार कराने के संबंध में आवेदन दिया। वहीं जनपद पंचायत बलौदा क्षेत्र के ग्राम सिवनी निवासी पुष्पा देवांगन ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर श्री महोबे ने कहा कि जनदर्शन आमजनों की समस्याओं के निराकरण का महत्वपूर्ण माध्यम है और इसमें प्राप्त आवेदनों के निराकरण में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। अधिकारियों को अपने स्तर पर प्रकरणों की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित करना चाहिए, ताकि आमजनों को समय पर राहत मिल सके।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT