तर्रागोंदी में शराब पीते, जुआ खेलते पकड़े जाने पर लगेगा 10,000 रुपये का जुर्माना

 


तर्रागोंदी में ग्रामीणों की पहल : शराब, जुआ और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने किया जा रहा प्रयास

धमतरी, 01 मार्च (हि.स.)। ग्राम तर्रागोंदी में सर्व समाज और ग्रामीणों की पहल से एक ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है। गांव में शराब बिक्री, सार्वजनिक स्थानों पर नशा, ताश-जुआ, गाली-गलौज और शांति भंग जैसी गतिविधियों पर कड़ी रोक लगाते हुए भारी जुर्माने और इनाम की व्यवस्था लागू की गई है। यह आदेश एक मार्च से प्रभावी हो गया है और इसकी निगरानी ग्रामीण विकास समिति द्वारा की जाएगी।

ग्राम पंचायत तर्रागोंदी के सरपंच चोवाराम साहू ने रविवार काे बताया कि यह निर्णय गांव में शांति, सुरक्षा और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है। ग्रामीणों ने इसे गांव के भविष्य के लिए मजबूत और ऐतिहासिक कदम बताया है। ग्रामीणों के निर्णय के अनुसार कोई व्यक्ति गांव में शराब बेचते हुए पकड़ा जाता है तो उस पर 10,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं सूचना देने वाले व्यक्ति को 1,000 रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। इसके साथ ही चौक -चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर कोई व्यक्ति व्यक्ति मादक पदार्थों का सेवन करते पकड़े जाने पर 5000 रुपये का जुर्माना रखा गया है। वहीं इसकी जानकारी देने वाले को 1000 रुपये का इनाम दिया जाएगा।

ग्राम पंचायत तर्रागोंदी में ताश-जुआ खेलने पर पूर्णत: प्रतिबंध लगाया गया है। ऐसा करते पकड़े जाने पर 10000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। इसकी जानकारी देने वाले व्यक्ति को 2000 रुपये इनाम दिया जाएगा। गांव में खुले डिस्पोजल और पानी पाउच बेचते पाए जाने वाले दुकानदारों के खिलाफ भी उचित कार्रवाई की जाएगी। कोई महिला और पुरुष गांव में गाली-गलौज मारपीट और शांति भंग करने का प्रयास करता है तो इसकी जानकारी तत्काल थाने में दी जाएगी। ग्रामीणों अभिभावकों से अपील की है कि शाम सात बजे के बाद अपने बच्चों को घर से बाहर न निकलने दें। इसके उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। ग्रामीण विकास समिति इन सभी नियमों के कड़ाई से पालन और निगरानी की जिम्मेदारी निभाएगी। ताकि गांव में एक सुरक्षित और अनुशासित वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा