(संशोधित) मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का फिर मिलेगा मौका, 12 नवंबर से विशेष पुनरीक्षण शुरू

 


11 दिसंबर तक दावे-आपत्तियां होंगी स्वीकार, चार जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची

धमतरी, 05 नवंबर (हि.स.)। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूट गए नागरिकों और पहली बार मतदान का अधिकार प्राप्त करने जा रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में 12 नवंबर से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। इसी दिन एकीकृत प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद पात्र नागरिक 11 दिसंबर तक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, दर्ज विवरण में संशोधन कराने और अपात्र नामों को विलोपित करने के लिए दावे-आपत्तियां प्रस्तुत कर सकेंगे।

नए मतदाताओं को सूची में नाम शामिल कराने के लिए फार्म छह भरना होगा। निर्वाचन पर्यवेक्षक संतोष दीवान ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है। प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद सभी नागरिकों को अपने नाम और अन्य विवरणों की जांच कर लेनी चाहिए। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में दर्ज नहीं है या नाम, पता अथवा अन्य जानकारी में त्रुटि है तो निर्धारित अवधि में आवेदन कर सुधार कराया जा सकता है। इसके लिए निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 11 दिसंबर तक दावे-आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, जबकि इनके निराकरण की अंतिम तिथि 28 दिसंबर निर्धारित की गई है। इसके बाद चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। मतदाता निर्वाचन आयोग के ईसीआईनेट एप के माध्यम से भी मतदाता सूची और पुनरीक्षण से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा सहायता के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।

जिले में पुरुषों से 8378 अधिक महिला मतदाता: वर्तमान आंकड़ों के अनुसार धमतरी जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 6 लाख 11 हजार 193 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 3 लाख 1 हजार 405 पुरुष, 3 लाख 9 हजार 783 महिला और पांच थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इस तरह जिले में पुरुषों की तुलना में 8378 महिला मतदाता अधिक हैं। विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों पर नजर डालें तो सिहावा विधानसभा में एक लाख 92 हजार 878, कुरुद में दो लाख 6 हजार 953 और धमतरी विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 11 हजार 362 मतदाता दर्ज हैं। इस प्रकार जिले में सबसे अधिक मतदाता धमतरी विधानसभा क्षेत्र में हैं। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान नए मतदाताओं को सूची में नाम जुड़वाने के साथ ही पहले से दर्ज मतदाताओं को अपने विवरण की जांच करने का अवसर मिलेगा। निर्वाचन विभाग ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा में अपने नाम और विवरण की जांच कर आवश्यक आवेदन करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा