जांजगीर में विधायक ब्यास कश्यप का ऐलान: विकास कार्यों की अनदेखी के खिलाफ 1 मई को एक दिवसीय सत्याग्रह

 

जांजगीर, 24 अप्रैल (हि.स.) विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए विधायक ब्यास कश्यप ने एक दिवसीय सत्याग्रह आंदोलन की घोषणा की है। यह आंदोलन 1 मई को कलेक्टर कार्यालय के सामने महात्मा गांधी प्रतिमा स्थल पर आयोजित किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अनशन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा।

विधायक ब्यास कश्यप ने आज शुक्रवार काे कहा कि क्षेत्र में विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ आम जनता तक नहीं पहुंच पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना, अनुसूचित जाति विकास योजनाएं और सीएसआर मद के तहत होने वाले कार्यों में भेदभाव किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोग अब भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं।

उन्होंने कहा कि कई गांवों में सड़क, पानी, बिजली और अन्य जरूरी सुविधाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं है, जबकि योजनाओं के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके बावजूद जमीनी स्तर पर कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं दिख रही है, जो गंभीर चिंता का विषय है।

विधायक ने अपनी प्रमुख मांगों में अनुसूचित जाति और वंचित वर्ग को योजनाओं का पूरा लाभ सुनिश्चित करने, विकास कार्यों में हो रही अनदेखी पर रोक लगाने और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

उन्होंने कहा कि सत्याग्रह आंदोलन के माध्यम से वे शासन-प्रशासन का ध्यान इन मुद्दों की ओर आकर्षित करना चाहते हैं, ताकि क्षेत्र के लोगों को उनका अधिकार मिल सके। इस आंदोलन में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और समर्थकों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT