बलरामपुर : अवैध पशु परिवहन पर कार्रवाई, दो आरोपित गिरफ्तार

 


बलरामपुर, 09 जुलाई (हि.स.)।बलरामपुर जिले के राजपुर पुलिस ने पशुओं के प्रति क्रूरता और अवैध परिवहन के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पिकअप वाहन से क्रूरतापूर्वक लादे गए आठ बैलों को बरामद कर वाहन जब्त कर लिया है। दोनों आरोपितों को गुरुवार को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार 8 जुलाई को एक प्रार्थी ने थाना राजपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि ग्राम कमारी से लौटते समय ग्राम परसापानी के पास पिकअप वाहन क्रमांक जेएच-01-एफएल-8856 के चालक ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसकी कार को टक्कर मार दी। घटना के बाद वाहन की जांच करने पर उसमें आठ बैलों को ठूंस-ठूंसकर अवैध रूप से ले जाया जा रहा था।

मामले में थाना राजपुर में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। घटनास्थल का निरीक्षण और वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस ने पिकअप से आठ बैलों को बरामद कर जब्त किया। जांच के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन चालक और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में दोनों आरोपितों ने बैलों को झारखंड ले जाने के उद्देश्य से वाहन में लादकर परिवहन करने की बात स्वीकार की। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सुलतान अंसारी (25), निवासी कोटाम, थाना गुमला, जिला गुमला (झारखंड) तथा नैयाज बख्श (21), निवासी होरी, थाना गुमला, जिला गुमला (झारखंड) के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281, 125, 3(5), पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(घ), छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 तथा मोटरयान अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि पशुओं के अवैध परिवहन, पशु क्रूरता या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल निकटतम थाना या डायल-112 पर दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय