गरियाबंद : सेवा संकल्प अभियान के तहत एक हजार 525 आंगनबाड़ी केन्द्रों में होगा आंगन मिलन सेवा का आयोजन

 

गरियाबंद, 28 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के 1 हजार 525 आंगनबाड़ी केन्द्रों में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में 06 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केन्द्रों को क्लस्टरवार विभाजित कर ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केन्द्रों की हितग्राही माताओं, महिलाओं, बच्चों एवं समुदाय के साथ संवाद स्थापित करना तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिनों के योगदान का सम्मान किया जाएगा।

जिला कार्यक्रम अधिकारी वरुण नागेश ने साेमवार काे बताया कि आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में हितग्राही माताओं, स्व-सहायता समूह की महिलाओं, बच्चों के अभिभावकों, मितानिनों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता रहेगी। कार्यक्रम के दौरान पोषण, स्वास्थ्य एवं महिला कल्याण से संबंधित जानकारी दी जाएगी। समुदाय के समक्ष ‘मेरी पौष्टिक थाली’ का प्रदर्शन कर पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी जाएगी तथा महिलाओं एवं बच्चों के लिए पौष्टिक व्यंजनों की विधि का प्रदर्शन किया जाएगा। बच्चों के लिए मनोरंजक खेल एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम, फल एवं मिठाई वितरण तथा सामुदायिक सहभागिता से ‘न्योता भोज’ का आयोजन किया जाएगा। स्वास्थ्य एवं पोषण विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता, स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता तथा स्वस्थ एवं सुपोषित शिशु और माता का सम्मान किया जाएगा। आंगनबाड़ी केन्द्रों में पोषण वाटिका के लिए पौधरोपण किया जाएगा तथा ‘घर-घर मुनगा, हर घर मुनगा’ के लिए समुदाय को प्रेरित किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान महतारी वंदन योजना एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों द्वारा अपने अनुभव साझा किए जाएंगे। पात्र हितग्राहियों का प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में पंजीयन भी किया जाएगा। महिलाओं के लिए रंगोली, मेहंदी एवं व्यंजन प्रतियोगिता का आयोजन होगा। स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से महिलाओं, बच्चों एवं गर्भवती माताओं की स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण भी किया जाएगा। आंगनबाड़ी केन्द्रों के लिए खिलौने एवं खेल सामग्री दान करने हेतु समुदाय को प्रेरित किया जाएगा।

जनप्रतिनिधियों द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिनों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं महतारी वंदन योजना की राशि का उपयोग स्वयं एवं बच्चों के पोषण पर करने वाली माताओं को ‘पोषण शक्ति सम्मान’ प्रदान किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से सेवा संकल्प अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की है। विभाग ने महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा एवं अधिकारों से संबंधित गतिविधियों में सहयोग प्रदान कर अभियान को सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आग्रह किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल