खैरागढ़ में 15 सौ किलो संदिग्ध एनालॉग पनीर जब्त कर किया नष्ट
- रायपुर में भी दो दिन पहले 100 किलो पनीर का कराया गया था विनष्टीकरण, खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, 20 नवंबर (हि. स.)। प्रदेशभर में चलाए जा रहे 15 दिवसीय विशेष अभियान ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ के तहत खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने प्रतिबंधित एनालॉग पनीर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के साल्हेवारा में पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त कार्रवाई में करीब 1500 किलोग्राम संदिग्ध एनालॉग पनीर जब्त कर नष्ट कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, साल्हेवारा पुलिस टीम ने वाहन में परिवहन किए जा रहे 30 बॉक्स में करीब 1500 किलोग्राम संदिग्ध एनालॉग पनीर बरामद किया था। इसके बाद सामग्री खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को सौंप दी गई। हैरानी की बात यह रही कि जब्त सामग्री पर किसी व्यक्ति या फर्म ने अपना स्वामित्व अथवा दावा प्रस्तुत नहीं किया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा जब्त किए गए सभी 30 बॉक्स का निरीक्षण किया गया। इस दौरान किसी भी बॉक्स पर खाद्य सामग्री में प्रयुक्त सामग्री, निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि, बैच या लॉट नंबर, निर्माता फर्म का नाम-पता और संपर्क नंबर सहित अनिवार्य लेबल संबंधी जानकारी अंकित नहीं मिली। नियमों के उल्लंघन और प्रदेश में एनालॉग पनीर पर लागू प्रतिबंध को देखते हुए पूरे 1500 किलोग्राम संदिग्ध पनीर का विनष्टीकरण कराया गया।
उल्लेखनीय है कि, इससे दो दिन पहले रायपुर में भी खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा करीब 100 किलोग्राम एनालॉग पनीर नष्ट कराया गया था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से खाद्य पदार्थों में मिलावट और प्रतिबंधित सामग्री के कारोबार पर विभाग की सख्ती साफ नजर आ रही है।
यह पूरी कार्रवाई नियंत्रक सह आयुक्त, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, छत्तीसगढ़ दीपक कुमार अग्रवाल के निर्देशन में की गई।
उन्होंने कहा कि, एनालॉग पनीर उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। प्रदेश में इसके निर्माण, भंडारण, परिवहन और विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि, आम नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ अभियान के तहत प्रतिबंधित एवं मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर