अमृत भारत योजना: रायपुर मंडल के सरोना और बालोद रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प, आधुनिक सुविधाओं से लैस

 




रायपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल में सरोना और बालोद रेलवे स्टेशनों का तेजी से पुनर्विकास किया जा रहा है।

मंडल रेल प्रबंधक दयानंद के मार्गदर्शन में दोनों स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर यात्रा अनुभव मिल सके।

पुनर्विकास कार्य के तहत स्टेशनों पर भव्य प्रवेश द्वार, चौड़े फुट ओवर ब्रिज, लिफ्ट, प्लेटफॉर्म पर कवर शेड, कोच गाइडेंस डिस्प्ले सिस्टम तथा आधुनिक साइनेज बोर्ड लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा दिव्यांग यात्रियों के लिए रैंप, विशेष शौचालय, व्हीलचेयर, लो-हाइट टिकट काउंटर, पेयजल सुविधा और आरक्षित पार्किंग जैसी सुविधाएं भी विकसित की गई हैं।

स्टेशनों का सौंदर्यीकरण स्थानीय कला एवं संस्कृति की झलक के साथ किया गया है। गार्डन, आधुनिक प्रतीक्षालय, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, चौड़ी सड़कें, सुव्यवस्थित पार्किंग और स्टेशन तक आसान पहुंच के लिए भी कई कार्य किए गए हैं।

यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरे सहित आधुनिक सुरक्षा व्यवस्थाएं और आपातकालीन सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

रेलवे का कहना है कि, इन कार्यों से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ ही रेलवे का बुनियादी ढांचा मजबूत होगा तथा क्षेत्रीय विकास और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर