आस्था के साथ मनाई आंवला नवमी, महिलाओं ने की पूजा-अर्चना
धमतरी, 18 नवंबर (हि.स.)। आंवला नवमी के अवसर पर बुधवार को शहर में धार्मिक आस्था और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिला। नगर निगम कार्यालय के सामने स्थित उद्यान में ब्राह्मणपारा वार्ड सहित शहर के अन्य वार्डों की महिलाएं पूजा-अर्चना के लिए पहुंचीं। महिलाओं ने विधि-विधान से आंवले के पेड़ की पूजा की और उसकी परिक्रमा कर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूजा के बाद महिलाओं ने आंवले के पेड़ की छांव में बैठकर सामूहिक रूप से भोजन किया।
इस अवसर पर निर्मला तिवारी, अन्नपूर्णा तिवारी, मंजू गुप्ता, भगवती सोनी और गौरी शर्मा ने बताया कि वे हर साल आंवला नवमी पर इसी परंपरा के अनुसार पूजा-अर्चना करती हैं। इसे आखा नवमी के नाम से भी जाना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन आंवले के पेड़ की पूजा के साथ माता लक्ष्मी की आराधना की जाती है। पेड़ की परिक्रमा करने से निरोगी काया प्राप्त होती है। वहीं आंवले के पेड़ की छांव में बैठकर भोजन करने से घर में धन-संपदा और सुख-समृद्धि आती है। इस दिन आंवले का दान करना भी शुभ माना जाता है।
महिलाओं ने बताया कि आंवला नवमी पर पूजा और दान-पुण्य करने से परिवार में सुख-शांति बनी रहती है। इसी आस्था के साथ महिलाएं हर साल इस पर्व को उत्साहपूर्वक मनाती हैं। इस दौरान शीतल सोनी, रमा सोनी, माया गुप्ता, सुशीला सोनी सहित अन्य महिलाएं उपस्थित थी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा