सद्भावना चौक हत्याकांड: आरोपित अब भी फरार, इनाम बढ़कर 40 हजार, तलाश में जुटी पुलिस की टीमें
अंबिकापुर, 09 अप्रैल (हि.स.)। शहर के सद्भावना चौक पर महिला के साथ हुई बर्बर हत्या के मामले में अब तक आरोपित पुलिस की पकड़ से बाहर है। घटना के बाद से प्रशासन लगातार सक्रिय है, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद आरोपित का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा पुलिस ने आरोपित की गिरफ्तारी के लिए इनाम की घोषणा की है।
सरगुजा पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने आरोपित की गिरफ्तारी या उसके संबंध में ठोस जानकारी देने वाले को 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है, वहीं आईजी स्तर से 30 हजार रुपये का अतिरिक्त इनाम रखा गया है। इसके साथ ही राष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन के सरगुजा संभाग अध्यक्ष आकाश अग्रवाल ने भी प्रशासन के सहयोग से 5 हजार रुपये नगद देने की घोषणा की है। इस तरह कुल इनाम राशि 40 हजार रुपये हो गई है, जिससे आरोपित तक जल्द पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले सद्भावना चौक में एक महिला का शव संदिग्ध हालत में मिला था। जांच में सामने आया कि महिला की बेरहमी से हत्या की गई थी, जिससे पूरे शहर में सनसनी फैल गई। इस जघन्य वारदात के बाद पुलिस ने विभिन्न टीमों का गठन कर आरोपित की तलाश शुरू की, लेकिन अब तक कोई ठोस सफलता हाथ नहीं लगी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि आरोपित को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, बढ़ती इनाम राशि के बाद आम लोगों से भी पुलिस को अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह