अम्बिकापुर : भगवानपुर यूपीएचसी में गूंजी पहले नवजात की किलकारी, मिलेगी सुरक्षित प्रसव सुविधा
अम्बिकापुर, 01 सितंबर (हि.स.)। सरगुजा जिले के शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (यूपीएचसी) भगवानपुर में अब सुरक्षित प्रसव की सुविधा विधिवत शुरू हो गई है। बीती रात 1:30 बजे केंद्र में पहला सफल प्रसव कराया गया, जहां एक स्वस्थ शिशु ने जन्म लिया। जन्म के समय नवजात का वजन 2.570 किलोग्राम दर्ज किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं तथा स्वास्थ्य कर्मियों की विशेष निगरानी में उनकी समुचित देखभाल की जा रही है।
इस नई सुविधा की शुरुआत से स्थानीय गर्भवती महिलाओं को अब प्रसव के लिए दूर-दराज के बड़े अस्पतालों के चक्कर काटने से मुक्ति मिलेगी। स्थानीय स्तर पर ही सुलभ, सुरक्षित और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होने से आपात स्थिति में समय पर उपचार सुनिश्चित होगा और मातृ-शिशु मृत्यु दर में कमी लाने में मदद मिलेगी।
कलेक्टर अजीत वसंत के मार्गदर्शन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पी.एस. मार्को के निर्देशन में मिली इस उपलब्धि में केंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अपूर्व जायसवाल के साथ स्टाफ नर्स क्रांति, प्रियंका, हिमांशी, मितानिन अलका एवं समस्त स्वास्थ्य कर्मियों की तत्परता और सक्रिय भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह