अम्बिकापुर : वन विभाग की बड़ी दबिश, करीब एक लाख रुपये की साल की अवैध लकड़ी जब्त
अम्बिकापुर, 23 नवंबर (हि.स.)। वन अपराधों पर अंकुश लगाने और बेशकीमती वन संपदा की सुरक्षा के लिए सरगुजा वनमंडल की टीम ने सोमवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। वन परिक्षेत्र अम्बिकापुर के अंतर्गत आने वाली खलीबा बीट में सर्च वारंट के आधार पर दबिश देकर विभाग ने करीब एक लाख रुपये कीमत की साल प्रजाति की अवैध इमारती लकड़ी बरामद की है।
मिली जानकारी के अनुसार, विभाग को अवैध रूप से लकड़ी भंडारण की सूचना मिली थी। इसके बाद सर्च वारंट (क्रमांक 25/20/2026) जारी कर सोमवार को ग्राम घंघरी (तहसील अम्बिकापुर) निवासी देवी शंकर शुक्ला के परिसर में औचक छापा मारा गया। तलाशी के दौरान परिसर से साल प्रजाति की लकड़ी से बने कुल 33 नग चौखट और पटरे छिपाकर रखे हुए मिले, जिन्हें टीम ने तत्काल जब्त कर अपने कब्जे में ले लिया।
जब्त की गई इस बेशकीमती वन संपदा का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग एक लाख रुपये आंका गया है। वन विभाग ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और इस बात की जांच की जा रही है कि यह लकड़ी कहाँ से काटकर लाई गई थी। सरगुजा वनमंडल के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध कटाई और लकड़ी तस्करी को रोकने के लिए विभाग का यह सख्त अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह