अंबिकापुर-दिल्ली रेल सेवा को मिले विस्तार, टीएस सिंहदेव ने रेल मंत्री को लिखा पत्र
अंबिकापुर, 21 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग को दिल्ली से जोड़ने वाली सीधी रेल सेवा को लेकर पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का ध्यान आकर्षित कराया है। उन्होंने अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन सुपरफास्ट एक्सप्रेस की फ्रीक्वेंसी बढ़ाने की मांग करते हुए रेल मंत्री को पत्र लिखा है। सिंहदेव ने ट्रेन को सप्ताह में केवल एक दिन चलाने के बजाय प्रतिदिन या कम से कम सप्ताह में 3 से 4 दिन संचालित करने का आग्रह किया है।
20 अगस्त काे लिखे पत्र में टीएस सिंहदेव ने बताया कि अंबिकापुर और आसपास के सरगुजा संभाग के यात्रियों के लिए दिल्ली तक सीधी रेल सेवा के रूप में 22407/22408 अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन सुपरफास्ट एक्सप्रेस महत्वपूर्ण ट्रेन है। वर्तमान में इसका संचालन सप्ताह में केवल एक दिन, गुरुवार को होता है।
उन्हाेंने कहा कि ट्रेन की सीमित फ्रीक्वेंसी के कारण दिल्ली जाने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा पहले से तय करनी पड़ती है। सीटों की उपलब्धता सीमित होने से यात्रियों को वेटिंग और अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
सिंहदेव ने पत्र में कहा है कि सरगुजा संभाग से दिल्ली जाने वाले यात्रियों में बड़ी संख्या विद्यार्थियों, मरीजों, कारोबारियों और पर्यटकों की होती है। संभाग के दूरस्थ और आदिवासी बहुल क्षेत्रों के लोगों के लिए भी अंबिकापुर से दिल्ली की सीधी रेल सेवा काफी महत्वपूर्ण है।
सप्ताह में सिर्फ एक दिन ट्रेन उपलब्ध होने के कारण जरूरत के मुताबिक यात्रा करना मुश्किल हो जाता है। खासकर इलाज, शिक्षा और व्यावसायिक कार्यों के लिए दिल्ली जाने वाले यात्रियों को अन्य विकल्पों पर निर्भर रहना पड़ता है।
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने रेल मंत्री से आग्रह किया है कि क्षेत्र की जरूरत को देखते हुए अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन सुपरफास्ट एक्सप्रेस की फ्रीक्वेंसी बढ़ाई जाए। उन्होंने ट्रेन को रोजाना चलाने की मांग की है। यदि प्रतिदिन संचालन संभव नहीं हो तो कम से कम सप्ताह में 3 से 4 दिन ट्रेन चलाने का विकल्प अपनाने का आग्रह किया गया है।
सिंहदेव ने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि ट्रेन के अधिक दिनों तक संचालन से केवल यात्रियों को ही सुविधा नहीं मिलेगी, बल्कि रेलवे को भी अतिरिक्त राजस्व प्राप्त हो सकता है। अधिक यात्री इस सीधी रेल सेवा का उपयोग कर सकेंगे, जिससे क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी को भी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने अंबिकापुर-दिल्ली सीधी रेल सेवा की फ्रीक्वेंसी बढ़ाने को सरगुजा संभाग की लंबे समय से चली आ रही मांग बताते हुए रेल मंत्री से इस पर सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय