अम्बिकापुर : पिकअप से कपड़े का गट्ठर उड़ाने वाले दो पड़ोसी गिरफ्तार, चोरी का माल बरामद

 


अम्बिकापुर, 06 सितंबर (हि.स.)। साप्ताहिक हाट-बाजारों में फेरी लगाकर कपड़ा बेचने वाले व्यापारी के पिकअप वाहन से माल पार करने वाले दो शातिर चोरों को अम्बिकापुर कोतवाली पुलिस ने धर दबोचा है। पकड़े गए दोनों आरोपित पीड़ित के ही पड़ोसी निकले, जो चोरी की गई साड़ियां और कपड़े बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे थे। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल सहित करीब 50 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया है।

दरअसल, अम्बिकापुर शहर के घुटरापारा निवासी पीड़ित विकास सोनी आसपास के ग्रामीण हाट-बाजारों में कपड़ा बेचने का व्यवसाय करता है। 27 और 29 अगस्त की दरम्यानी रात उसने कपड़े से लदा पिकअप वाहन अपने घर के सामने खड़ा किया था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने वाहन से साड़ियों, कपड़ों और पुरानी तिरपाल का एक गट्ठर पार कर दिया, जिसकी कीमत लगभग 15,000 रुपये थी। व्यापारी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि पीड़ित के पड़ोस में रहने वाले दो युवक चोरी का माल खपाने के लिए घुटरापारा चौक पर ग्राहक ढूंढ रहे हैं। पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर दोनों संदेहियों को हिरासत में लिया। प्राथमिक पूछताछ में दोनों गुमराह करने लगे, लेकिन पुलिसिया सख्ती के आगे वे टूट गए और पिकअप से कपड़े का गट्ठर चुराने का जुर्म कबूल कर लिया।

पुलिस ने घुटरापारा (पुरानी पानी टंकी के पास) निवासी 24 वर्षीय रोशन राम चेरवा और 26 वर्षीय राज कुमार चेरवा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों की निशानदेही पर चोरी की गई साड़ियां, कपड़ा, तिरपाल और वारदात में इस्तेमाल काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (क्रमांक सीजी 15 डीजेड 6108) बरामद की गई। मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 238 जोड़ते हुए दोनों आरोपितों को रविवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल दाखिल कर दिया गया है।

इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, प्रधान आरक्षक सुराज राय, आरक्षक विवेक राय, नितिन सिन्हा और स्टाफ की भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह