अंबिकापुर : महापौर के निर्देश पर वाटर एटीएम और बुनियादी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की कवायद तेज
अंबिकापुर, 23 मई (हि.स.)। सरगुजा जिले में अंबिकापुर शहर के न्यू बस स्टैंड में यात्रियों को जल्द ही बुनियादी अव्यवस्थाओं से राहत मिलने वाली है। मीडिया और स्थानीय नागरिकों से लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम महापौर मंजूषा भगत के निर्देश पर निगम प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। गत शुक्रवार को महापौर परिषद (MIC) के जल प्रदाय विभाग प्रभारी जितेन्द्र सोनी और सफाई विभाग प्रभारी ममता तिवारी ने संयुक्त रूप से न्यू बस स्टैंड का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को जल, सफाई और शौचालय व्यवस्था को दो दिनों के भीतर पूरी तरह दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
निरीक्षण के बाद जल प्रदाय प्रभारी जितेंद्र सोनी ने बताया कि जनहित को ध्यान में रखते हुए न्यू बस स्टैंड स्थित बंद पड़े वाटर एटीएम और वाटर कूलर की मरम्मत कराकर उन्हें तत्काल चालू कर दिया गया है, जिससे यात्रियों के लिए पीने के पानी की नियमित व्यवस्था बहाल हो गई है। इसके साथ ही सफाई विभाग द्वारा परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान शुरू किया गया है। निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों को दो दिन की समय-सीमा देते हुए यूरिनल व सार्वजनिक शौचालयों में बिजली व्यवस्था सुधारने, सिविल वर्क को पूरा करने और आस-पास के दुकान संचालकों को व्यवस्थित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शहरवासियों की सुविधा के लिए नगर निगम अब अंबिकापुर क्षेत्र के अन्य सभी बंद पड़े वाटर एटीएम को भी पुनर्जीवित करने जा रहा है। दरअसल, निगम क्षेत्र के अंतर्गत कुल 8 वाटर एटीएम स्थापित हैं, जिनके संचालन और रखरखाव का जिम्मा 5 वर्षों के लिए एक चयनित एजेंसी को दिया गया था। परंतु, किन्हीं अपरिहार्य कारणों से संबंधित फर्म द्वारा संधारण का कार्य रोक दिया गया था, जिससे ये कीमती उपकरण बंद पड़े थे। अब आम जनता की मांग पर महापौर और जल प्रदाय प्रभारी की पहल से इन सभी एटीएम को निगम मद से सुधारने का निर्णय लिया गया है।
इस योजना के प्रथम चरण में न्यू बस स्टैंड, गांधीनगर सब्जी बाजार और गुदरी बाजार के वाटर एटीएम को सुधार कर चालू कर दिया गया है। वहीं, दूसरे चरण में कंपनी बाजार, सरगांवा उद्यान (वाटर पार्क), शासकीय जिला अस्पताल, मैरीन ड्राइव और स्टेडियम ग्राउंड के सामने स्थित वाटर एटीएम का मरम्मत कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण निरीक्षण और कार्रवाई के दौरान आकाश गुप्ता, अनिल तिवारी, शैलेंद्र शर्मा, जल एवं विद्युत अधिकारी प्रशांत खुल्लर, सफाई विभाग से शक्ति पाण्डेय, स्वर्ण मेहता सहित राजस्व अधिकारी विजय कुजूर और शिवेंद्र बहादुर सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह