कांग्रेस भवन में मनाई आंबेडकर जयंती
धमतरी, 14 अप्रैल (हि.स.)। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शहर द्वारा मंगलवार को राजीव भवन में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उनके विचारों को याद किया और उनके जीवन संघर्ष पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम के बाद सभी कार्यकर्ता नगर के आंबेडकर चौक पहुंचे, जहां बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहब का पूरा जीवन शोषित, वंचित और दलित वर्ग के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक उत्थान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने समाज में व्याप्त विषमताओं और कुरीतियों को समाप्त करने के लिए आजीवन संघर्ष किया। विधायक ओंकार साहू ने कहा कि संविधान के प्रति प्रतिबद्धता ही देश की मजबूती का आधार है और कांग्रेस पार्टी हमेशा बाबा साहब के योगदान की ऋणी रहेगी। उन्होंने वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य पर भी चिंता व्यक्त करते हुए संविधान के प्रति सम्मान बनाए रखने की बात कही। ब्लॉक अध्यक्ष योगेश शर्मा और गौतम वाधवानी ने कहा कि समाज के कमजोर वर्गों के अधिकारों की रक्षा और उनकी आवाज बुलंद करना ही बाबा साहब के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
पूर्व विधायक लेखराम साहू और पूर्व जिला अध्यक्ष मोहन लालवानी ने भी अपने संबोधन में बाबा साहब को करोड़ों लोगों का प्रेरणास्त्रोत बताया। जिला महामंत्री अरविंद दोषी ने कहा कि बाबा साहब ने देश को एकता और समानता का संदेश दिया, जो आज भी प्रासंगिक है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे और सभी ने बाबा साहब के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा