पानी बढ़ने से बदला चित्रकोट जलप्रपात का स्वरूप, ड्रोन कैमरे में कैद हुआ अद्भुत नजारा
जगदलपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। इंद्रावती नदी में जलस्तर बढ़ने के साथ ही छत्तीसगढ़ के बस्तर के प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात का स्वरूप पूरी तरह बदल गया है। बारिश के बाद उफनती इंद्रावती की धाराएं जब एक साथ चित्रकोट से नीचे गिरती हैं तो यह नजारा बेहद भव्य और रोमांचकारी दिखाई देता है। ड्रोन कैमरे से ली गई तस्वीरों में दूर तक फैली इंद्रावती नदी, चारों ओर पसरी हरियाली और विशाल जलप्रवाह का अद्भुत दृश्य सामने आया है।
आमतौर पर अपनी ऊंचाई और चौड़ाई के लिए पहचाने जाने वाले चित्रकोट जलप्रपात में इन दिनों पानी का प्रवाह काफी बढ़ गया है। जलप्रवाह बढ़ने से पानी करीब पांच फीट की ऊंचाई से नीचे गिरता हुआ दिखाई दे रहा है। हालांकि ऊंचाई कम होने के बावजूद जलधारा की चौड़ाई और तेज वेग ने जलप्रपात के सौंदर्य को और भव्य बना दिया है।
देश का मिनी नियाग्रा कहे जाने वाले चित्रकोट जलप्रपात का यह रौद्र रूप पर्यटकों को खासा आकर्षित कर रहा है। जलप्रपात का बदला हुआ स्वरूप देखने और उसे कैमरे में कैद करने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। उफनती इंद्रावती और चित्रकोट का विशाल जलप्रवाह लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
इंद्रावती का बढ़ता जलस्तर जहां नदी किनारे बसे इलाकों के लिए सतर्कता का संकेत है, वहीं यही उफनती धारा बरसात के मौसम में चित्रकोट की खूबसूरती को नया आयाम दे रही है। ड्रोन से लिए गए दृश्यों में चित्रकोट जलप्रपात अपने पूरे शबाब में नजर आ रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे