बलरामपुर में जल्द शुरू होगा रेलवे रिजर्वेशन काउंटर, हजारों यात्रियों को मिलेगी राहत

 


बलरामपुर, 12 अगस्त (हि.स.)। बलरामपुर जिले में रेलवे रिजर्वेशन काउंटर शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। लंबे समय से चली आ रही इस मांग को लेकर आदिम जाति और कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने बुधवार को दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। उन्होंने बलरामपुर जिला मुख्यालय में रेलवे टिकट आरक्षण की सुविधा शुरू करने की मांग रखी। केंद्रीय रेल मंत्री ने इस मांग पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए जल्द सुविधा शुरू कराने का आश्वासन दिया है।

मंत्री रामविचार नेताम ने रेल मंत्री को दिए पत्र में बताया कि बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में फिलहाल रेलवे रिजर्वेशन काउंटर की सुविधा नहीं है। इसके कारण जिले के लोगों को रेल टिकट आरक्षित कराने के लिए दूसरे शहरों में जाना पड़ता है। इसका सबसे ज्यादा असर विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, मरीजों और अन्य जरूरतमंद यात्रियों पर पड़ रहा है।

जिले में काउंटर नहीं होने के कारण यात्रियों को टिकट बुक कराने के लिए अतिरिक्त समय और पैसा खर्च करना पड़ता है। कई लोगों के लिए यह परेशानी इसलिए भी बढ़ जाती है क्योंकि उन्हें सिर्फ टिकट आरक्षण के काम से दूसरे शहर की यात्रा करनी पड़ती है।

लंबे समय से उठ रही है मांग

बलरामपुर जिला मुख्यालय में रेलवे रिजर्वेशन काउंटर खोलने की मांग नागरिकों और जनप्रतिनिधियों की ओर से लंबे समय से उठाई जा रही है। मंत्री ने रेल मंत्री के समक्ष क्षेत्र की बढ़ती आबादी और रेल यात्रा की जरूरतों का हवाला देते हुए इस सुविधा को जरूरी बताया।

मंत्री ने कहा कि जिले में रेलवे रिजर्वेशन काउंटर शुरू होने से लोगों को टिकट के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। इससे हजारों यात्रियों को सीधे लाभ मिलेगा और समय व खर्च दोनों की बचत होगी।

रेल मंत्रालय से जल्द कार्रवाई की उम्मीद

रामविचार नेताम ने रेल मंत्री से जनहित को ध्यान में रखते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने का आग्रह किया है। केंद्रीय रेल मंत्री की ओर से मांग पूरी करने का आश्वासन मिलने के बाद जिले के लोगों में जल्द काउंटर शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय